हम पास रहकर भी हैं दूर कितने..

गांव पहुंचकर भी परिवार के साथ नहीं रह पा रहे प्रवासी 1112 प्रवासी रह रहे हैं क्वारंटाइन सेंटर में

21 दिनों तक रहना होगा क्वारंटाइन सेंटर में 427 लोगों के अब तक जिले में जांच के लिए सैंपल लिये गए 418 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है निगेटिव 02 लोग मिले हैं जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव बिहारीगंज की महिला की दूसरी व तिसरी जांच रिपोर्ट आई निगेटिव
धर्मेंद्र भारद्वाज, मधेपुरा : अजीब विडंबना है। हजारों किलोमीटर दूर सफर कर घर पहुंचे लोग परिवार के साथ नहीं रह पा रहे हैं। घर तो दूर गांव में प्रवेश की भी स्वीकृति नहीं है। परिवार के सदस्य मिलते भी हैं तो दूर से देखकर संतोष कर लेते हैं। 21 दिनों तक उन्हें यह सजा मुकर्रर की गई है। हम बात कर रहे हैं कोरोना महामारी को लेकर दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की, जो वहां रोजगार के लिए गए थे, लेकिन कोरोना के कहर के बाद बेरोजगार होकर अपने गांव की ओर रूख करना पड़ा। काफी जद्दोजहद के बाद गांव पहुंचे, लेकिन यहां आने के बाद भी समस्या ने पीछा नहीं छोड़ा।
मजदूरों एवं किसानों को मुआवजा दे सरकार: वामदल यह भी पढ़ें
दरअसल जिले में लॉकडाउन के बाद करीब नौ हजार लोग बाहर से आए हैं। इसमें काफी लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया था। वर्तमान में 1112 लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है, जहां रोजाना उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। सेंटर में खाना-पीना सहित अन्य सामग्री फ्री दी जाती है।
जिले में बनाए गए हैं 41 क्वारंटाइन सेंटर
प्रवासियों के लिए जिले में 41 क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं, जहां सभी को रखा जा रहा है। केंद्र पर एक मजिस्ट्रेट की भी बहाली की गई है, जो हर चीज पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। वहीं लोगों की नियमित स्क्रीनिग की जाती है। किसी को भी सर्दी, खांसी व बुखार का लक्षण मिलने के बाद तत्काल इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग सहित अधिकारियों की दी जाती है। सभी सेंटर पर चिकित्सक व एएनएम की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिले के संदिग्ध 427 लोगों की हुई जांच जिले में संदिग्ध 427 लोगों के सैंपल लेकर भेजे गए थे। इसमें से 418 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बचे लोगों की रिपोर्ट भी जल्द ही मिलेगी। जिले में अब तक दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इसमें बिहारीगंज की महिला की दूसरी व तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, वहीं घैलाढ़ की एक महिला अब तक पॉजिटिव है। दोनों महिला के परिजनों को क्वारंटाइन किया गया है। यद्यपि इनके सभी परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव है।
क्वारंटाइन सेंटर में किस प्रखंड में रह रहे कितने प्रवासी - आलमनगर - 60
- बिहारीगंज - 89
- चौसा - 135
- गम्हरिया - 11
- घैलाढ़ - 26
- ग्वालपाड़ा - 74
- कुमारखंड - 175
- मधेपुरा - 89
- मुरलीगंज - 47
- पुरैनी - 35
- शंकरपुर - 17
- सिंहेश्वर - 34
- उदाकिशुनगंज - 189
- जिला मुख्यालय - 131
जिले के 41 क्वारंटाइन सेंटर में 1112 लोग रह रहे हैं। सभी की नियमित जांच की जाती है। इसके लिए चिकित्सक व एएनएम की प्रतिनियुक्ति की गई है। -डॉ. सुभाष चंद्र श्रीवास्तव,
सिविल सर्जन, मधेपुरा
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार