पटना में सोता रहा परिवार पांच लाख की संपत्ति चोरी कर बाहर से दरवाजा बंद कर गए बदमाश

पटना, जेएनएन। राजधानी में चोर बेखौफ हो गए हैं। रोज बड़ी-बड़ी वारदातें हो जा रही हैं। राजधानी के बिहटा इलाके में भी रविवार की रात ऐसा ही एक वाक्या सामने आया है। चोरों ने बिहटा थाना क्षेत्र के यमुनापुर गांव निवासी गुंजन सिंह के घर को अपना निशाना बनाया। देर रात घर में घुसे चोरों ने गोदरेज आलमारी का लॉक तोड़कर करीब दो लाख रुपये नगदी समेत तीन लाख रुपये का जेवर एवं अन्य सामान पार कर दिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाहर से दरवाजा बंद कर गए। सुबह जब स्वजन उठे तो उन्हें वारदात की जानकारी हुई।घटना की सूचना पर पहुंची बिहटा पुलिस ने गांव के बधार से पांच पेटी और अटैची बरामद की है। पेटी से कीमती सामान गायब हैं। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए चोर की गिरफ्तारी में जुट गई है।

बिहटा थाना क्षेत्र के यमुनापुर गांव में गुंजन सिंह अपने परिवार को साथ रहते हैं। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात घर के सभी सदस्य खाना खाकर एक ही कमरे में सोये हुए थे। गृहस्वामी ने बताया कि देर रात चोर घर के पीछे की दीवार से अंदर घुस गए। तेज बारिश के कारण किसी को चोरों के घर के अंदर आने की भनक नहीं लगी। वारदात के दौरान चोरों ने घर के उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया जिसमें सभी सदस्य सोये हुए थे। इस दौरान आलमारी का लॉक तोड़कर करीब दो लाख रुपये कैश समेत तीन लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। सुबह जब घर के सदस्य उठे तो घटना की जानकारी हुई। गुंजन सिंह ने बताया कि चोर कितनी संख्या में थे इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। वारदात की सूचना पर पहुंची बिहटा थाने की पुलिस ने गांव के बधार से पांच पेटी और अटैची बरामद की है। पेटी से कीमती सामान गायब हैं। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए चोरों की गिरफ्तारी में जुट गई है।

अन्य समाचार