लालू के 'दरबार' पर कटघरे में हेमंत सरकार, बीजेपी ने चेताया

नई दिल्ली : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कांग्रेस प्रवक्ता शमशेर आलम के साथ आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव की एक ऐसी तस्वीर वायरल हुई है जिससे सियासी पारा गर्मा गया है। दरअसल आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं लेकिन वह अब अस्पताल में ही अपना सियासी दरबार लगाकर बैठे हैं। जिसके बाद इस तस्वीर ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है जिसमें जेल के नियमों की धज्जियां उड़ाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। तो वहीं लालू प्रसाद यादव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड सरकार को चेताया है।

इस वायरल तस्वीर में लालू यादव मोबाइल पर कुछ बात करते दिख रहे हैं जबकि उनके बगल में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस प्रवक्ता बैठे हैं। सभी लोग आराम से सियासी बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। अब इस तस्वीर को देखकर आरोप ये लगाए जा रहे हैं कि लालू यादव दोषी पाए गए हैं और सजा काट रहे हैं लेकिन जेल में उन्हें हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
तस्वीर को देखकर ये साफ पता चल रहा है कि नामी नेता होने का लालू और अन्य नेता पूरा फायदा उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि लालू यादव रिम्स के प्राइवेट वार्ड से ही अपनी राजनीति चला रहे हैं। वार्ड में ही वे आरजेडी, कांग्रेस नेताओं और समर्थकों से मिलते जुलते हैं। आपको बता दें कि आरजेडी प्रमुख लालू यादव 2017 से रिम्स में भर्ती हुए थे। लालू प्रसाद यादव फिलहाल झारखंड में रांची के रिम्‍स अस्‍पताल में अपनी बीमारियों का इलाज करा रहे हैं। उन्‍हें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से पुलिस अभिरक्षा में यहां इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वे भ्रष्टाचार के आरोप में सजा काट रहे हैं।
हालांकि उन्होंने अपनी सजा का बड़ा हिस्सा रिम्स में इलाज कराने में ही बिताया है। तो वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का रिम्स में पिछले दिनों हार्निया की सर्जरी हुई थी जिसके बाद वो रिम्स में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। तस्वीर में बन्ना गुप्ता अस्पताल के ड्रेस में नजर आ रहे हैं जबकि लालू यादव अपने चिरपरिचित अंदाज में लुंगी में दिख रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस शमशेर आलम भी मौजूद हैं।
लालू यादव और इन नोताओं की तस्वीरें सामने आने के बाद बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल सहदेव ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव की ओर से जेल नियमावली का घोर उल्लंघन किया जा रहा है। लालू यादव रिम्स में लगातार दरबार लगाते हैं। यहां तक कि झारखंड की प्रदेश सरकार भी जेल से ही चल रही है। प्रतुल सहदेव ने इस तस्वीर को देखते हुए केंद्र सरकार से इसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। आपको बता दें कि हाल ही में झारखंड सरकार ने बिहार से आने वाले ट्रेन के जरिये लोगों पर कोरोना केस का ठीकरा फोड़ा था, जिसके बाद बिहार से झारखंड की ओर चलनेवाली ट्रेन रद्द कर दी गई।

अन्य समाचार