बच्चों के साथ खेल रहा किशोर गड्ढे में गिरा, डूबने से मौत

संवाद सूत्र,बैकुंठपुर: प्रखंड क्षेत्र के कतालपुर दक्षिण टोला गांव में सोमवार को दोपहर तीन बजे अपने घर के पीछे साथियों संग खेल रहा एक किशोर बाढ़ के पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया। डूबने से किशोर की मौत हो गई। बच्चा स्व मुकेश सिंह का इकलौता पुत्र अंकित कुमार (13) था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि कतालपुर दक्षिण टोला निवासी स्व मुकेश सिंह के घर के बगल से घोघारी नदी बहती है। बाढ़ आने से खेत-खलिहान, गड्ढों में पानी भरा हुआ है। सोमवार दोपहर करीब अंकित कुमार घर के पीछे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसल जाने से वह पानी भरे गड्ढे में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चे शोर मचाने लगे। शोर सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह अंकित को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि अंकित के पिता की करीब तीन साल पूर्व मलेरिया की चपेट में आने से मौत हो गई थी। अपने इकलौते बेटे की मौत से किरण देवी बेसुध हो गई हैं। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार