ब्रह्मपुरा में खराब पड़ी बस, घंटों जाम से जूझता रहा शहर

एनएच ही नहीं शहर के अंदर भी भीषण जाम से लोग कराहते रहे। सोमवार को जाम हटाने और यातायात को सुचारू रखने में ट्रैफिक सिपाहियों के पसीने छूट गए। पांच-दस मिनट की दूरी तय करने में लोगों को घंटों लगे। सुबह में ब्रह्मपुरा थाने के समीप एक सरकारी बस खराब होने से मेहदी हसन चौक से बैरिया गोलंबर तक घंटों जाम लगा रहा। इसमें फंसे वाहन रेंगते रहे। जाम के बीच भी हर कोई आगे निकलने की होड़ में दिखा। इससे समस्या और बढ़ती चली गई। काफी मशक्कत के बाद बस को किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। लगभग चार घंटे तक एनएच और शहर जाम की जद में रहा।

इधर, संजय सिनेमा ओवरब्रिज, बीबीगंज, अघोरिया बाजार, कलमबाग चौक और कल्याणी समेत शहर की सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर भी भीषण जाम की समस्या रही। राहगीर पुलिस प्रशासन को कोसते रहे। जाम की समस्या दोपहर बाद और भी जटिल हो गई। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान के आदेश पर संबंधित थानेदार सड़क पर दलबल लेकर निकले। बेतरतीब वाहन लगाने वालों को जमकर हड़काया। कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सभी वाहनों को कतारबद्ध कर एक-एक कर आगे बढ़ाया गया। तब जाकर कई हिस्सों से जाम खत्म हुआ।
हर दिन लगता है जाम
ब्रह्मपुरा, अघोरिया बाजार और कल्याणी समेत अन्य जगहों पर हर दिन भीषण जाम लगता है। ट्रैफिक सिपाही मूकदर्शन बने रह जाते। स्थानीय थाने की पुलिस बल के पहुंचने के बाद ही जाम की समस्या खत्म होती है। लोग कोसते रहे कि जाम से निपटने को कोई ठोस रणनीति पुलिस-प्रशासन के पास नहीं है।
अतिक्रमण भी अहम कारण
जाम लगने का अहम कारण अतिक्रमण भी है। सड़कों के दोनों तरफ फुटपाथी दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। मोतीझील में सभी दुकानों के सामने बाइकों की लंबी लाइन लगी होती है। इस कारण भी हमेशा जाम लगता है।

अन्य समाचार