भाजपा के जिला प्रवक्ता पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे

संवाद सूत्र, बिदुपुर : बिदुपुर थाना के बिदुपुर बाजार गंगा नदी मार्ग में आदर्श ज्ञान निकेतन विद्यालय के निकट बीते रविवार की देर रात भोज खाकर बाइक से लौट रहे भाजपा के जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी बलराम खत्री के ऊपर जानलेवा हमला किया गया। उनपर गोली चलाई गयी जिससे वह बाल-बाल बच गए। खत्री बिदुपुर में अरुणा भारत ग्रामीण गैस एजेंसी व न्यू खत्री ज्वेलर्स के संचालक भी हैं। इस सम्बंध में खत्री ने दो अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध बिदुपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलते ही देर रात थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी दहशत में आ गए।

खेवनहार तो बना पर पांच विधानसभा में नहीं पार हुई भाजपा की नैया यह भी पढ़ें
प्राथमिकी में खत्री ने आरोप लगाया है कि बिदुपुर डीह के रहने वाले एक मित्र के यहां से भोज खाकर जब बाइक से वह घर लौट रहे थे तो आदर्श ज्ञान पब्लिक स्कूल के निकट केला बगान में पूर्व से घात लगाए दो अपराधी निकले। एक अपराधी के द्वारा उनके ऊपर कट्टा से गोली चलाई गयी। गोली की आवाज सुनते ही वह झुक गए। गोली उनके सिर के बाल को स्पर्श करते हुए निकल गयी और वे बाल-बाल बच गए। गोली की आवाज सुनते ही आस पास के लोग भी जुट गए। गोली चलाने के बाद अपराधी फरार हो गए।
मालूम हो कि बलराम खत्री के ऊपर वर्ष 2014 के दिसम्बर माह में भी बिदुपुर डीह से भोज खाकर लौटने के दौरान गोली चलाकर अपराधियों कातिलाना हमला किया था। उस समय खत्री की बांह में गोली लगी थी। वह उस समय भी बाल बाल बच गए। उस घटना के बाद उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने स्वयं जख्मी खत्री से मिलकर हाल चाल जाना था। उसके बाद फिर हमला करने के उद्देश्य से वर्ष 2017 में उनके प्रतिष्ठान पर अपराधियों ने रात के समय गोलीबारी की थी।
इधर रविवार को हुई इस घटना से बाजार के व्यवसायियों में दहशत कायम हो गया है। वहीं पुलिस प्रशासन के लिए अपराधियों को पकड़ना एक चुनौती बन गया है।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार