पुलिस पर हमला करने के मामले में सात गिरफ्तार,भेजे गए जेल

संसू, रजौली : थाना क्षेत्र के लेंगुरा पंचायत की पसरैला गांव से फरार चल रहे सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आलोक में शुक्रवार की देर रात्रि टीम गठित कर पसरैला गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में रजौली थाना कांड संख्या 414/20 में नामजद सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। थाने में दर्ज इस कांड में कुल 50 लोग आरोपित हैं। जिसमें 11 लोग को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुके थे। शेष आरोपियों के लिए छापेमारी की जा रही थी। जिसमें पुलिस को शुक्रवार की रात्रि सफलता मिली। शिवा राम के पुत्र मनीष राम उर्फ मनीष कुमार, देवकी राम के पुत्र गोरेलाल राम उर्फ राजेश राम,शिबू राम के पुत्र अरुण राम,बिदा राम के पुत्र मिथलेश राम,पूरण राम के पुत्र चन्द्रिका राम,इंद्रदेव राम के पुत्र संतोष राम और अरुण राम के पुत्र गुलाबचंद राम को घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

सब बाधा को करके पार, वोट करेंगे अबकी बार यह भी पढ़ें
बताते चलें कि 1 सितंबर 2020 को पसरैला गांव में दो पक्षों में उपजे जमीन विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ही एक पक्ष के ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। हमले में सहायक अवर निरीक्षक निरंजन सिंह समेत होमगार्ड जवान घायल हो गए। साथ ही पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। पुलिस के अनुसार रामावतार यादव अपने जमीन पर घर का निर्माण करा रहे थे। उनके निर्माणाधीन घर के सामने बिहार सरकार की कुछ जमीन परती है।जिसपर गांव के राजवंशी समाज के लोग अवैध कब्जा कर अतिक्रमण करने की कोशिश की। जिसका विरोध रामावतार यादव के द्वारा किया जाने लगा। इस दौरान विवाद बढ़कर झड़प का रूप ले लिया। जिसकी सूचना गांव के लोगों ने थानाध्यक्ष को दूरभाष पर दिया। सूचना के आलोक में तात्कालीन थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुजय बिद्यार्थी गश्त कर रहे एएसआइ निरंजन सिंह को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे थे। पुलिस मामले को शांत कराने की कोशिश की थी। इसके बाद एक पक्ष के लोग वहां वहां से चले गए। परन्तु दूसरे पक्ष के दर्जनों महिला पुरूष लोग डटे रहे और पुलिसकर्मियों से उलझ गए। बात बिगड़ते बिगड़ते पुलिस व उनके बीच झड़प हो गई। लोगों के द्वारा मारपीट के क्रम में एएसआई निरंजन सिंह का सर फट गया वहीं सिपाही अमित लाल भी गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। तब अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया था। तब पुलिस को देख उपद्रवियों के द्वारा चार राउंड गोली चलाई गई। तब थानाध्यक्ष ने 10 महिला और एक पुरुष को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार