दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने निगम की बस को किया क्षतिग्रस्त

आरा। गजराजगंज ओपी क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर कारीसाथ के समीप गुरुवार की शाम बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस ने बाइक सवार दो ममेरे भाइयों को रौंद दिया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिताजनक बतायी जाती है। जिसे पटना रेफर कर दिया गया है। इधर, दुर्घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने निगम की बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में पुलिस ने वहां पहुंचकर स्थिति को संभाला। हादसा शाम करीब छह बजे के आसपास हुआ। हादसे को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। बताया जा रहा कि आरा नवादा थाना के गिरजा मोड़ निवासी संजय पांडेय का 17 वर्षीय पुत्र अभिषेक पांडेय तथा बरजा निवासी रविन्द्र तिवारी का 22 वर्षीय पुत्र गोपाल तिवारी संध्या समय एक साथ बाइक से गजराजगंज ओपी के महुली गांव में जा रहे थे। इस बीच आरा-बक्सर एनएच-84 पर कारीसाथ के समीप बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस ने दोनों को ठोकर मार दिया। जिसमें दोनों घायल हो गए। इसके बाद घायल अभिषेक व गोपाल को इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा लाया गया। जहां, से गंभीर हालत को देखकर अभिषेक को पटना रेफर कर दिया गया। सिर में चोटें आई है। इधर, हादसे के बाद आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने बस के शीशा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। परिजनों के अनुसार दोनों घायलों के पास पैसा भी था जो गायब है।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार