आपने जो प्रेम दिया, उसे जीवन भर नहीं भूलेंगे, करते रहेंगे खिदमत : नीतीश

बिहारशरीफ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक दिन में धुआंधार सात जनसभाओं को संबोधित कर प्रचार अभियान में गर्माहट ला दी। मुख्यमंत्री जिले की सातों विधानसभा क्षेत्र में एक-एक जगह पहुंचे। उनके भाषण की खास बात यह रही कि एक बार भी लालू, तेजस्वी व चिराग का नाम या उनके भाषणों का जिक्र नहीं किया। नीतीश ने हर सभा में कहा कि आपने जो प्रेम दिया, उसे जीवन भर नहीं भूलेंगे, जितना संभव हुआ काम किया, आगे भी खिदमत करते रहेंगे। आप लोग का प्यार मिलता रहा है। आप लोग कहीं नहीं जाइएगा। कुछ लोग अपने परिवार की चिता करते हैं। हमारे लिए तो पूरा बिहार हमारा परिवार है। कुछ लोगों का काम है, झूठ बोलकर भ्रम फैलाकर समाज में झगड़ा लगाना। हम तो मान के चलते हैं, जनता मालिक है। काम करने का मौका देंगे तो सेवा करेंगे।


अगली बार जनता ने मौका दिया तो गांव-गांव को सोलर लाइट से जगमगा देंगे। गांव की सड़कों को मुख्य सड़क से जोड़ेंगे। हर शहर में बाइपास बनाएंगे। जहां जमीन नहीं होगी, वहां फ्लाईओवर बनाएंगे। हर खेत तक सिचाई के साधन पहुंचेंगे। हर घर तक पशु चिकित्सा की व्यवस्था होगी। पशुपालन सरंक्षण के लिए हर आठ से दस पंचायतों पर पशु चिकित्सालय की स्थापना की जाएगी। युवाओं को रोजगार योग्य बनाने को हर जिले में मेगा स्किल सेंटर की स्थापना कराएंगे। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्रवार हर घर नल जल योजना और नली-गली योजना के अमल की स्थिति को आंकड़ों के जरिए बताया। जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत आहर-पईन की खोदाई, तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करने व तीन करोड़ 47 लाख पौधे लगाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूएनओ को पर्यावरण सुरक्षा का संदेश बिहार से गया मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा विवि के लिए पांच सौ एकड़ जमीन दी। जरूरत पड़ी तो और देंगे। नालंदा का गौरव हर हाल में वापस लाएंगे। नालंदा सैनिक स्कूल की तरह बड़ा स्कूल पूरे देश में नहीं है। महिलाओं का जिक्र करते हुए नीतीश ने कहा कि हमसे पहले जो थे, वे खुद गड़बड़ करके जेल में चले गए। पत्नी को मुख्यमंत्री बनाया। परंतु महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। बस एक बार पंचायत चुनाव कराया पर किसी को आरक्षण नहीं दिया। हमने पंचायत चुनाव समय पर कराने शुरू किए। महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण दिया तो लोगों ने मजाक उड़ाया। आज महिला पंचायत प्रतिनिधि सशक्त हो चुकी हैं। सिपाही बहाली में भी महिलाओं को 35 फीसद आरक्षण दिया। 10 लाख स्वयं सहायता समूह का गठन कराया। जिससे एक करोड़ 20 लाख महिलाएं जीविका से जुड़ गई हैं। हमने समाज के अंतिम कतार के लोगों की फिक्र की। पहले अतिपछड़ा व दलित समाज को कोई पूछता नहीं था। आज वे पंचायत प्रतिनिधि बनकर फैसले ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबसे पहले 10.30 बजे अस्थावां विधानसभा के बिद हाईस्कूल मैदान पहुंचे। इसके बाद नालंदा विधानसभा के नूरसराय के सरदार पटेल स्टेडियम, राजगीर विधानसभा के सिलाव के नानंद के गोलावां मैदान, इस्लामपुर विधानसभा के पशु हाट मैदान, हिलसा विधानसभा के रामबाबू हाईस्कूल मैदान, हरनौत विधानसभा के चंडी के बापू उच्च विद्यालय मैदान और आखिर में रहुई के प्रखंड कार्यालय के मैदान में जनसभा को संबोधित किया। आखिरी जनसभा में मुख्यमंत्री तय समय 3.30 बजे से 40 मिनट देर से पहुंच सके। जगह-जगह मुख्यमंत्री की सभा में प्रत्याशी समेत सांसद कौशलेन्द्र, कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ, पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील, पूर्व विधायक हीरा बिद समेत कई अन्य नेता भाग लेते रहे।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार