ठंड दे रही दस्तक, सेहत के प्रति रहें सचेत

न्यूनतम तापमान में दर्ज की जा रही गिरावट

शाम ढलते ही महसूस होने लगी है ठंड
-----------------
संवाद सहयोगी, नवादा : मौसम अब करवट ले रही है। तापमान में अब धीरे-धीरे गिरावट आने लगी है। फलस्वरुप सुबह और शाम में ठंड महसूस होने लगी है। रात में भी ठंड बढ़ गई है। घरों में लगे पंखे की स्पीड पर विराम लगने लगी है। एयर कंडीशन, कूलर तो लगभग अधिकांश घरों में बंद हो गया है। रात में सोते समय लोग चादर अथवा हल्के कंबल का प्रयोग कर रहे हैं। मौसम के बदलते ही कई लोग सर्दी-जुकाम की चपेट में आने लगे हैं। अस्पताल की आउटडोर में इस तरह के मरीजों की भीड़ बढ़ी है। मौसम का यह बदलाव लोगों को अपनी सेहत के प्रति सचेत भी कर रहा है। गांव-कस्बों में बुजुर्गों की पुरानी सोच रही है कि सर्दी यानि जाड़ा आते और जाते ही लोगों को सताता है। चिकित्सक भी बुजुर्गों की इस सोच से सहमत दिखते हैं। इसके पीछे हमारी लापरवाही बड़ी वजह होती है। मौसम के बदलाव के बीच हम उतने सावधान नहीं रहते जितना रहना चाहिए। चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार मौसम में बदलाव को लेकर होने वाली शारीरिक तकलीफ को लेकर आम जनों को सचेत करते हैं। वे कहते हैं कि छोटे बच्चों व बुजुर्गों को पूरा ढका हुआ कपड़ा पहनाएं। रक्तचाप व मधुमेह के मरीजों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। इस समय तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच श्वसन तंत्र के रोगाणु अधिक उत्पन्न होते हैं। जो लोगों को बीमार भी कर सकते हैं। अभी के हल्के ठंड में भी लकवा लगने का डर रहता है। जोड़ों के दर्द से बचने के लिए सुबह में व्यायाम व प्राणायाम करने की सलाह देते हैं। ओपीडी में 15 फीसद तक मौसम से बीमार हुए मरीज आ रहे हैं। बच्चों की भी तकलीफ बढ़ी है। हफनी से बचने के लिए बच्चों को अच्छी तरह से कपड़े पहनाकर रखें। ताजा पानी से नहाएं। रात में बिछावन से तुरंत से खुले में नहीं निकलें।

----------------
न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना
- मौसम के जानकारों की मानें तो दिन-प्रतिदिन लगातार न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। अगले चार-पांच दिनों में न्यूनतम तापमान तीन-चार डिग्री लुढ़क सकता है। फिलहाल अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रह रही है। अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक ही रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम पारा 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में रात में अधिक ठंड महसूस किया जा सकेगा।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार