नगर थाना के हाजत से बंदी फरार

-- लीड --

- स्मैक के साथ पकड़ा गया युवक रात में ताला खोलकर भाग निकला
- थाने की खुली पोल, ओडी और संतरी ड्यूटी की पर सवाल
जागरण संवाददाता, जहानाबाद :
जेल ब्रेक कांड के लिए चर्चित जहानाबाद नगर थाने में रात की ओडी ड्यूटी और रात्रि प्रहरी को धता बताकर हाजत से बंदी फरार हो गया। मामला तब पता चला जब सुबह होमगार्ड का जवान हाजत का मुआयना करने गया। हाजत का ताला यथावत लगा हुआ था और बंदी गायब। अब तक इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बंदी के फरार होने का एक मामला दर्ज कर कार्रवाई की खानापूर्ति कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम स्थानीय राजाबाजार मोहल्ले से चार पुड़िया स्मैक के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार युवक सुशांत कुमार मखदुमपुर थाने के चांड़ गांव का निवासी बताया गया। नगर थाने के हाजत में बंद किया गया ताकि शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा सके। सुबह जब हाजत पर नजर पड़ी तो पुलिस वालों के पांव तले जमीन खिसक गई। अवर निरीक्षक सुभाष कुमार सुमन के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अब पुलिस उस फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष द्वारा एसपी मीनू कुमारी को भी जानकारी दे दी गई है। लेकिन संवाद प्रेषण तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। थानाध्यक्ष रवि भूषण ने बताया कि शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लाया गया था और हाजत में बंद कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि हाजत के ताले को खोलकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दारोगा सुभाष कुमार सुमन द्वारा उसे गिरफ्तार कर लाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि हाजत में बंद किए जाने के उपरांत रात्रि प्रहरी को भी सतर्क किया गया था। उन्होंने बताया कि सुबह में जब गृहरक्षक किशुन प्रसाद वहां गया तो देखा कि हाजत में कोई नहीं है। उन्होंने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाजत में जो ताला लगा हुआ था और बंदी गायब था।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार