भारत का विभाजन गलत निर्णय, पाक में धीरे धीरे कम होते गए अल्पसंख्यक : राजनाथ

मोतिहारी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत का विभाजन नहीं होना चाहिए था। भारत के टुकड़े होने के बाद पाकिस्तान में अत्याचार के कारण वहां अल्पसंख्यकों की संख्या दिनों-दिन कम होती गई। भाजपा के चुनावी वादे के अनुसार अब वहां के अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने का काम शुरू हो गया है। वे सोमवार को चिरैया विधानसभा क्षेत्र के पताही सिंहेश्वर सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 72 वर्षों बाद यदि नेता जनता से किए गए वादों में से आधा भी पूरा कर लेते तो आज भारत सबसे आगे रहता। नरेंद्र मोदी की सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा किया है। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 एवं विशेषाधिकार को चुटकी बजाते ही समाप्त कर दिया गया। जनसंघ ने राजनीति की शुरुआत में कहा था कि यदि स्पष्ट बहुमत में आए तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनेगा। यह वादा भी पूरा हो रहा है। तीन तलाक प्रथा समाप्त कर दी गई। आज गरीबों को पक्का मकान दिया जा रहा है और 2022 तक हर गरीब के पास मकान होगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भी स्वीकार करते थे कि वे एक रुपया गांव भेजते हैं तो उनमें से 16 पैसे ही पहुंचते हैं। अब जनधन खातों के माध्यम से किसान सम्मान निधि के छह हजार रुपये सीधे दिल्ली से किसानों के खातों में भेजे जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को निश्शुल्क इलाज कराने की व्यवस्था की गई है। गरीब परिवारों की महिलाएं भी रसोई गैस पर खाना पका रही हैं। बिहार में जदयू-भाजपा की जोड़ी वैसी ही है, जैसी क्रिकेट जगत में सहवाग और सचिन की जोड़ी होती है। उन्होंने कहा कि लोग खुद पूर्व और अभी की सरकार के बीच तुलना कर देख लें। स्थिति समझ में आ जाएगी। गलवन घाटी में बिहार रेजीमेंट ने अपना बलिदान देकर भारत की आन, बान और शान की रक्षा की है। रक्षा मंत्री होने के नाते वे देशवासियों को यकीन दिलाते हैं कि भारत की एक इंच जमीन पर भी कोई कब्जा नहीं कर पाएगा। कांग्रेस तीन दिन में चीन को बाहर निकालने की बात करती है, लेकिन 1962 में कांग्रेस की ही सरकार थी। राहुल गांधी जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, ने कहा कि राफेल विमान की ताकत से भारत के दुश्मन सहमे हुए हैं। एक बिहारी और दूसरे दिल्ली बाले युवराज महाठगबंधन बनाकर बिहार के लोगो को ठगने का काम कर रहे हैं। पूरे बिहार को यह दोनों युवराज बिहार को बर्बाद करना चाह रहे हैं। शिवहर सांसद रमा देवी ने कहा कि 15 साल के कुशासन को लोगों ने देखा है। कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि एनडीए की हवा पूरे बिहार में जोर पकड़ी है। युवराज झूठ बोल कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कार्यक्रम में गंगेश्वर सिंह, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनोद कुमार, चंचल सिंह, मधुरेंद्र कुमार, अरुण कुमार सिहं, भरत पासवान, गोपाल सिंह तूफानी, गोपाल शर्मा, जदयू के रमेश चंद्र मिश्र, सहित कई लोगों ने संबोधित किया।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार