लखनौर में भूमि विवाद में मारपीट, तीन घायल

मधुबनी। लखनौर थाना के लखनौर गांव में भूमि विवाद की घटना खूनी रंजिश में तब्दील हो गई। इस मारपीट की घटना में कुल तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में कुल तीन सोने का चेन छीनने एवं पचास हजार रुपये बाइक की डिक्की से निकालने का आरोप लगाया है। घटना के बाबत वादी चंद्रमोहन झा ने अपने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वे दो कट्ठा अठारह धूर जमीन वर्ष 2015 में खरीदे। उस समय भी वर्ष 2016 में वे जब उक्त खेत पर गए तो प्रतिपक्षियों ने उनके साथ मारपीट की और इस संबंध में थाना में प्राथमिकी दर्ज है। मामला न्यायालय में है और इस बीच प्रतिपक्षी सियाराम मिश्र अपने पुत्र प्रकाश मिश्र के साथ ट्रैक्टर से खेत को जुतवा रहे थे। विवादित जमीन होने के कारण जब वे मना किए तो पिता-पुत्र ने जमकर मारपीट की। पुत्र अमित कुमार झा को भी पीटा जिससे पिता-पुत्र का हाथ टूट गया। पिता-पुत्र के गले से सोने का चेन सियाराम मिश्र ने छीन लिया। इधर, सियाराम मिश्र ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वे अपने खेत में मसूर बोने के लिए कुदाल से मेड़ बना रहे थे। इस बीच रंजीत झा, संजय झा, चंद्रमोहन झा, अमित कुमार झा, सुमित कुमार झा लाठी डंडा से लैस होकर आए और मेड़ बनाने से मना किया। यह कहने पर कि यह उनकी जमीन है, लोग पीटने लगे जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। सियाराम मिश्र ने भी चेन छीनने का आरोप लगाया है। सभी घायलों ने अपना-अपना इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराने की बात प्राथमिकी में कही है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। पुराना जमीनी विवाद है।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार