रंगदारी मांगने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार

बक्सर : भाजपा नेता उपेंद्र चौबे को डुमरांव पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोप में दीपावली के दिन स्थानीय गोला बाजार से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वे मार्केटिग कर रहे थे। भाजपा नेता के खिलाफ भाजपा नेत्री तथा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष पिकी पाठक ने इसी वर्ष मई माह में रंगदारी मांगने तथा धमकी देने समेत फोन पर लगातार प्रताड़ित करने एवं गंदी बातें करने की एफआईआर डुमरांव थाने में दर्ज कराई थी, जिसमें महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष ने कई साक्ष्य भी प्रस्तुत किया था।

इससे भाजपा नेता द्वारा रंगदारी मांगने की पुष्टि हुई थी। इस मामले के अनुसंधान के बाद भाजपा नेता की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया था। जिसमें भाजपा नेता उपेंद्र चौबे तथा उनकी पत्नी पुष्पांजलि देवी को आरोपित करते हुए गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल भाजपा नेता की पत्नी पुष्पांजलि देवी जमानत पर हैं। जबकि भाजपा नेता पिछले 2 महीना से लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे। भाजपा नेता की गिरफ्तारी दीपावली के दिन गोला बाजार से उस समय हुई थी जब वे मार्केटिग करने के लिए निकले थे। पुलिस को जैसे ही आरोपी के गोला बाजार में होने की गुप्त सूचना मिली। डुमराव पुलिस ने बड़ी तत्परता के साथ उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी पर भाजपा नेत्री पिकी पाठक ने राहत की सांस लेते हुए डुमरांव पुलिस को धन्यवाद दिया है। उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता उपेंद्र चौबे और भाजपा नेत्री पिकी पाठक के बीच पिछले 1 वर्ष से विवाद चल रहा है। जिसमें सबसे पहले भाजपा नेता की पत्नी पुष्पांजलि देवी ने भाजपा नेत्री पिकी पाठक एवं अन्य पर अपने पति के अपहरण का आरोप लगाया था, जो बाद में पुलिस अनुसंधान में झूठा पाया गया। उसके बाद से ही दोनों के बीच जारी विवाद चर्चा का विषय बना है। जिसमें दोनों पक्ष एक दूसरे पर कई तरह के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उपेंद्र चौबे की गिरफ्तारी के बाद भाजपा के लोगों में चर्चा का बाजार गर्म है। उल्लेखनीय है कि उपेंद्र चौबे संघ प्रचारक तथा भाजपा के गया जिला प्रभारी रह चुके हैं।

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार