जमीन विवाद में बुजुर्ग महिला को मारी गोली

नालंदा। हरनौत थाना क्षेत्र के गोकुलपुर ओपी के उमर चक गांव निवासी स्व सुखु यादव की 65 वर्षीया पत्नी को पैर में गोली मार दी गई। जिससे वह गम्भीर जख्मी हो गई। उसे बिहारशरीफ से पीएमसीएच रेफर किया गया है। डीएसपी ने घटना की पुष्टि की है। जख्मी का पुत्र राजकुमार ने गांव के ही नगीना यादव, सागर यादव एवं अशोक यादव पर एकमत होकर गोली मारने का आरोप लगाया है। गांव में ही 8 कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर मंगलवार शाम गोली मारी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान सकल यादव के घर से चार जिदा कारतूस बरामद किया। घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


------------------
घरेलू कलह में गया निवासी रेल कारखाना कर्मी ने दे दी जान
संवाद सूत्र, हरनौत : हरनौत स्थित सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना के कर्मचारी पप्पू कुमार ने मंगलवार रात आत्म हत्या कर ली। वे 35 वर्ष के थे। कारखाना में चतुर्थ श्रेणी में बहाल थे। घटना की वजह पारिवारिक विवाद बतायी गई। वह गया के श्री विष्णुपद मन्दिर मोहल्ला के निवासी थे। यहां कारखाना के आवासीय कॉलोनी में ही रहते थे।
उसकी पत्नी शोभा कुमारी ने बताया कि वे कुछ दिनों से तनाव में थे। रात लगभग 10 बजे उन्होंने आत्महत्या की। कॉलनी के कर्मियों के सहयोग से उन्हें अस्पताल ले गए। लेकिन वो जीवित नहीं थे। पप्पू के दो पुत्र हैं। बड़े बेटे की उम्र 6 वर्ष बतायी गई। उक्त कर्मी मिलनसार स्वभाव के थे। इस कारण कारखाना कर्मियों के अलावा हरनौत बाजार के उनके परिचित भी शोक में हैं। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार