शपथ ग्रहण में विपक्ष का नहीं जाना लोकतंत्र का अपमान : गिरिराज

पेज : 5

- नीतीश को दी बधाई, कहा, नई सरकार को युवाओं की आकांक्षाओं पर खड़ा उतरने की है चुनौती संवाद सूत्र, बीहट (बेगूसराय) : बिहार में एनडीए की नई सरकार गठित हुई है। उसमें कई परिवर्तन हुए है। उस शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षा का नहीं जाना लोकतंत्र का अपमान है। उक्त बातें बुधवार को नगर परिषद बीहट के पूर्व मुख्य पार्षद राजेश कुमार टूना के बीहट स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहीं।
उन्होंने बिहार विधान सभा चुनाव में एनडीए की जीत पर हर्ष व्यक्त किया और बिहार के मुख्यमंत्री पद पर सातवीं बार शपथ लेने वाले नीतीश कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा यह लोकतंत्र की जीत है। राजद के कारनामों से जनता के दिल में राजद की विश्वसनीयता घटी है। यदि पिछले चुनाव में नीतीश कुमार ने गलती न की होती तो आज राजद का कोई वजूद नहीं होता। नई सरकार को युवाओं की आकांक्षाओं पर खड़ा उतरने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि माले की जीत से जहां किसानों में भय व्याप्त हो गया है, वहीं सीमांचल में एमआइएम की जीत पर असदउद्दीन ओवैसी को खतरा बताया। उन्होंने कहा कि ओवैसी खतरा हैं, क्योंकि वह जिन्ना वाली सोच रखते हैं। अल्पसंख्यकों के बीच घृणा का माहौल बनाते हैं जो बिहार के सामाजिक समरसता के लिए चुनौती है। उनको पांच सीट आना ठीक नहीं है। पंरतु, हम उन्हें रोक लेंगे।

सिमरिया घाट के विकास के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सिमरिया को नगर परिषद बीहट से जोड़ने का प्रस्ताव गया है। फिर सिक्स लेन का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बाद सिमरिया के विकास के हर जरूरी पहलुओं पर विचार होगा। दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग पर कहा कि हर ओर इसकी चर्चा की जा रही है, लेकिन कहीं पर प्रस्ताव धरातल पर नहीं दिख रहा है। इस अवसर पर बेगूसराय के विधायक कुंदन कुमार, पूर्व मुख्य पार्षद राजेश कुमार टूना, अमरेंद्र कुमार अमर, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील कुमार आदि मौजूद थे। इसके बाद बीहट मकससपुर टोला स्थित डीआइजी विकास वैभव के घर जाकर उनके स्वजनों एवं आसपास के लोगों से मुलाकात की। इसके बाद बीहट जलेलपुर टोला स्थित माता शीतल मंदिर में पूजा अर्चना के उपरांत मंदिर के पुजारी महंथ महेश दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार