53 पुड़िया स्मैक के साथ छह गिरफ्तार, 28030 रुपया बरामद

जागरण संवाददाता, भभुआ: जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के मोहनियां वार्ड नंबर 10 में छापेमारी कर पुलिस ने फरार स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर अन्य पांच तस्करों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यानी पुलिस की कार्रवाई में कुल छह तस्कर 53 पुड़िया स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से 28030 रुपया नकद, चार मोबाइल, तीन लाइटर और दो चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्करों में मोहनियां वार्ड नंबर दस निवासी मंटू यादव, वार्ड नंबर दो निवासी सुरेश राम, वार्ड नंबर आठ निवासी उदय कुमार, वार्ड नंबर एक निवासी मराछु राम, भभुआ वार्ड नंबर 14 निवासी बबलू राम व मोहनियां थाना क्षेत्र के भरखर गांव निवासी भोला साह शामिल हैं। इस संबंध में एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि 12 नवंबर को अखलासपुर गांव में छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में मंटू यादव फरार था। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस प्रयास कर रही थी। सूचना मिलने पर गुरुवार को छापेमारी की गई तो मंटू यादव घर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 16 पुड़िया स्मैक, लाइटर, मोबाइल व 49 सौ रुपया बरामद किया गया। इसकी निशानदेही पर अन्य पांचों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें सुरेश राम के पास से नौ पुड़िया स्मैक, 29 सौ रुपया, मराछु राम के पास से चार पुडिया स्मैक, एक चाकू, एक लाइटर एवं 3710 रुपया, बबलू राम के पास से तीन पुड़िया स्मैक, भोला साह के पास से 13 पुड़िया स्मैक, एक लाइटर, 15180 रुपया, उदय कुमार के पास से आठ पुड़िया स्मैक, बीड़ी का बंडल तथा 20 रुपया बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि मंटू यादव चार बार पूर्व में जेल जा चुका है। जिसमें एक हत्या का मामला भी शामिल है। सुरेश राम दो बार जेल गया है। एक बार स्मैक के मामले में भी जेल गया है। वहीं बबलू राम पूर्व में तीन बार जेल गया है। जिसमें चोरी का मामला शामिल हैं। एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार तस्करों को जेल भेजा जा रहा है।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार