खेत में पानी जाने के विवाद में गोलीबारी, युवक जख्मी

शेखपुरा: शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत जयरामपुर थाना क्षेत्र के उखदी गांव में रविवार की शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गोलीबारी हुई। 50 चक्र गोलीबारी दोनों तरफ से की गई जिसमें एक युवक जख्मी हो गया। गोलीबारी की यह घटना खेत में पानी जाने को लेकर हुए विवाद की वजह से घटी।

इस संबंध में मिली जानकारी में बताया गया है कि उखदी गांव के जोगिदर यादव के खेत में सुखदेव यादव के द्वारा खेत पटवन के दौरान पानी चला गया जिससे वह नाराज हो गया। इसी को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना घटी और विवाद हो गया। दोनों तरफ से तनातनी बनी हुई थी। वहीं रविवार को दोनों तरफ से लोग जुटे और गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों तरफ से 50 चक्र गोलीबारी किया गया। इस गोलीबारी में जोगिदर यादव के पुत्र रंजीत यादव को जांघ में गोली लगी है। रंजीत यादव को बरबीघा अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। उधर जयरामपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर गोलीबारी में युवक जख्मी हुआ है। पुलिस के सहयोग से उसे अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया है। अभी किसी की तरफ से प्राथमिकी दर्ज किए जाने के लिए आवेदन नहीं दिया गया है।

दूसरे दिन भी गोलीबारी
जासं, शेखपुरा: शेरपर और पुनेसरा गांव के युवकों के बीच दूसरे भी दिन भी गोलीबारी हुई। बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर गोलीबारी की घटना खत्म हुई। बताया गया है कि पुनेसरा और शेरपर गांव के बीच शनिवार को भी विवाद हुआ था।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार