Delhi Chalo March: दिल्ली की सीमाओं पर पहुंचे किसान, पुलिस ने की वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच रहे पंजाब (Punjab) से किसानों (Farmers) का दल हरियाणा (Haryana) में पुलिस के बैरिकेड और डिवाइडरों को तोड़ते हुए शुक्रवार सुबह दिल्ली की दो सीमाओं के निकट पहुंच गया। वहीं, किसानों को तितर-बितर करने के लिए सिंघु बॉर्डर पर पुलिसकर्मी वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं। हरियाणा दिल्ली की हर सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सिंघु बॉर्डर पर पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे हैं। किसानों ने केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली चलो मार्च (Delhi Chalo March) का आह्वान किया है।

दिल्ली को हरियाणा से जोड़ने वाले सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए चार स्तर का बैरिकेड लगाया है। सबसे पहले कंक्रीट के स्लैब हैं, फिर कंटीली तारें हैं, उनके पीछे हथियारबंद जवान तैनात खड़े हैं। इनके पीछे पानी की बौछार करने वाले वाहन और उनके भी पीछे रेत लदे ट्रक खड़े हैं। सर्द रात और खुले आसमान के नीचे पंजाब और हरियाणा के हजारों प्रदर्शनकारी किसान पानीपत शहर में एकत्रित हुए और उन्होंने शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रेलरों पर अपनी आगे की यात्रा को फिर से शुरू किया।
दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को ही सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी थी और प्रदर्शनकारियों को शहर में प्रवेश करने से रोकने के लिए सिंघू बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा सीमा) पर बालू से भरे ट्रक और पानी की बौछार करने वाली गाड़ियां तैनात कर दी गई थीं। साथ ही कंटीले तारों से बाड़ भी लगाई गई है। फरीदाबाद और गुरुग्राम से लगती दिल्ली की सीमा पर भी पुलिस तैनात की गई है। इसके बावजूद किसानों के दो समूह सिंघु और टिकरी बॉर्डर के पास पहुंच गए और दिल्ली पुलिस ने उन्हें शहर में प्रवेश करने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोडे।
सिंघू बॉर्डर पर पहुंचने वाले एक दल में शामिल पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के एक किसान ने कहा कि हम दिल्ली में प्रवेश करेंगे। हम इन किसान विरोधी कानूनों को रद्द करवाएंगे। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में हमारा स्वागत आंसू गैस के गोलों से किया। किसान समूह के अनुसार, वे रात में कई स्थानों पर ठहरे और पानीपत में पुलिस अवरोधकों को तोड़कर दिल्ली की सीमा के पास तक पहुंचे हैं। रात में दिल्ली से लगभग 100 किलोमीटर दूर पानीपत में और उसके आसपास किसानों का एक बड़ा समूह डेरा डाले रहा और एक दल विभिन्न मार्गों से होता हुआ सोनीपत-दिल्ली सीमा पर पहुंच गया।
यूपी के किसान भी आंदोलन में उतरे
ट्रैक्टर एवं ट्रालियों पर हजारों की संख्या में किसान सवार हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हल्द्वाना सीमा पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले व पानी की बौछारें छोड़ी, लेकिन किसान नहीं रूके। किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने के लिए दिल्ली-कुंडली( हरियाणा) सीमा की तरफ बढ़ते हुए देखा गया जहां हरियाणा सरकार ने सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती कर रखी है। इस बीच पंजाब के किसानों के साथ ही उत्तर प्रदेश के किसान भी अब सड़क पर उतर आए हैं। शुक्रवार सुबह किसानों ने यमुना एक्सप्रेस वे (Yamuna Expressway) को जाम कर दिया।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook ( https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/ ) और Twitter ( https://twitter.com/MoneycontrolH ) पर फॉलो करें।

अन्य समाचार