नीतीश कुमार के खिलाफ तेजस्वी के बयान पर उपेंद्र कुशवाहा का ट्वीट, छि: छि:! क्या ऐसी भाषा सदन के लिए है

पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी की निंदा की है। कुशवाहा ने ट्वीट कर कहा कि तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के प्रति जिस अभद्र भाषा का प्रयोग किया, वह घोर निंदनीय है। छि: छि:! क्या इसी राड़ी-बेटखउकी (जैसी अभद्र भाषा) के लिए सदन है।

बता दें कि बिहार विधानसभा के पांच दिवासीय सत्र के अंतिम दिन सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष की ओर से एक के बाद एक तल्ख, निजी और अमर्यादित टिप्पणियों का दौर चला। इसे लेकर सत्तापक्ष भी आक्रोशित रहा। इससे सदन का माहौल काफी गरमा-गरमी का रहा। हो-हल्ला और हंगामे के बीच नेता विपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के बोल बिगड़े और उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कई निजी हमले भी किए। जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि झूठ बोल रहा है। कुछ भी बोलते रहता है। वहीं, सत्तापक्ष ने जब एतराज जताया तो आपा खोते हुए तेजस्वी यादव ने सत्तापक्ष के लोगों को डरे हुए, चोर और बेईमान लोग तक कह डाला।
सदन में तेजस्वी यादव की अमर्यादित टिप्पणी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बकवास कर रहा है। झूठ बोल रहा है। कुछ भी बोलते रहता है। विधानसभा अध्यक्ष से कहा कि अगर ऐसी बात है तो आप जांच करवाइए। इसके खिलाफ कार्रवाई होगी। यह झूठ बोल रहा है। आज यह चार्जशीटेट है। भाई समान दोस्त का बेटा है, इसलिए हम सुनते रहते हैं। हम कुछ नहीं बोलते हैं। इसके पिता को कौन लोकदल में विधायक दल का नेता बनाया था? सबलोग एक-एक बात जानते हैं। इसको डिप्टी सीएम किसने बनवाया था? वर्ष 2017 में जब आरोप लगा तो मैंने कहा एक्सप्लेन करो। जब एक्सप्लेन नहीं किया तो तब हमने छोड़ दिया। 

अन्य समाचार