घर में घुसकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बिहार में लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में एकबार फिर से महादलित नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इससे पहले दुष्कर्म के आरोप के मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। ठीक एक सप्ताह के भीतर ही यह दूसरी घटना हुई है। इसबार घर में घुसकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म की खबर सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की शाम एक घर में घुसकर लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना का आरोप मदनपुर गांव के लालो भगत उर्फ राजकुमार भगत के पुत्र सुनील कुमार व उसके छह दोस्तों पर लगाया गया है। पीड़िता के पिता के अनुसार युवक सुनील कुमार ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। वहीं शेष सभी दोस्त दुष्कर्म करने में उसकी सहायता कर रहे थे। लड़कों ने पीड़िता को जबरन पकड़ कर बंधक बना लिया। लड़की चींखती और चिल्लाती रही, लेकिन लड़कों की दरिंदगी जारी रही।
घटना के कुछ घंटे बाद पीड़िता ने फोन कर पोखरामा धान काटने गए अपने माता-पिता को रो-रोकर आपबीती सुनाई। दुष्कर्म के समय उन युवकों ने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था, ताकि वह अधिक शोर ना कर सके।
पीड़िता की उम्र 16 साल के करीब बताई जा रही है। वह दसवीं कक्षा की छात्रा है। सूचना मिलते ही जैसे ही उसके माता-पिता पीड़िता के पास अपने घर पर पहुंचे तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। वे लोग सीधे घटना की शिकायत करने पीड़िता के साथ लखीसराय महिला थाना पहुंच गए। महिला थाना की सूचना पर कजरा थाना ने छापेमारी कर दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल चेकअप एवं कोर्ट में बयान लेने की प्रक्रिया कराई जा रही है। इधर बताया जा रहा है कि आरोपितों में एक मुखिया पुत्र भी है।
घटना से गांव में फैली सनसनी दुष्कर्म की घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। ऐसी ही घटना पांच दिन पूर्व बीते सोमवार को भी हुई थी। उस मामले में थाना क्षेत्र के लखना गांव निवासी जलधर बिंद के पुत्र दीपक कुमार ने एक गांव की नाबालिग महादलित लड़की के साथ दिनदहाड़े दुष्कर्म का प्रयास किया और जातिसूचक भद्दी-भद्दी गालियां भी दी थी। बाद में पीड़िता के लिखित बयान पर कजरा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि इस मामले में अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस मामले में कुल सात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। कजरा थाना को सूचित किए जाने के बाद मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी कर ली गई है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।- रीता कुमारी, महिला थानाध्यक्ष, लखीसराय

अन्य समाचार