घटिया बीज की आपूर्ति देख किसानों ने किया हंगामा

समस्तीपुर । मोरवा में कृषि विभाग द्वारा किसानों को दिए जा रहे घटिया बीज को लेकर किसानों ने हंगामा किया। शनिवार को कृषि कार्यालय पर किसानों ने आक्रोश प्रकट किया। आक्रोशित किसान घटिया बीज आपूर्ति किए जाने का आरोप लगा रहे थे। आक्रोशित किसानों ने बताया कि सारंगपुर पश्चिमी पंचायत के किसान अमरेश कुमार शर्मा ने 25 नवंबर को गेहूं के किस्म 2967 बीज दो क्विटल लिया। 7300 सौ रुपए में कृषि कार्यालय से उपलब्ध कराया गया। खेत में उसकी बुवाई की गई। इस दौरान देखा कि बीज में घुन लगा हुआ है। घटिया बीज देखकर वे अपने को ठगा महसूस करने लगे। कृषि विभाग द्वारा गेहूं के बीज आपूर्ति किए जाने वाले कतिपय अन्य बैगों में भी इसी प्रकार के बीज थे। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। घटिया बीज आपूर्ति के कारण हंगामा करते हुए किसानों ने उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही आपूर्ति किए हुए बीज की कीमत वापस करने एवं क्षतिपूर्ति देने की मांग करने लगे। कृषि कार्यालय में उपस्थित कर्मियो द्वारा इस संबंध में अपने आप को निर्दोष बताया गया। बीएओ जगदीश प्रसाद सिन्हा के अनुसार किसानों द्वारा की गई शिकायत की जानकारी प्राप्त हुई है। घुन लगे घटिया गेहूं के बीज की जांच के बाद किसानों का आरोप सही साबित होने पर, इसकी जानकारी जिला के वरीय अधिकारियों को दी जाएगी। किसानों के लिए जो बीज विभाग के द्वारा आपूर्ति की गई है, उसे उसी रूप में किसानों में आवंटित किया गया है। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो संबंधित बीज कंपनी एवं अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए शिकायत की जाएगी। किसानों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। अमरेश कुमार शर्मा, अजीत कुमार मिश्र, रामाकांत सहनी, चंदन राय, रामविलास राय, मिथलेश शाह, गणेश राय, केसरी नंदन सहित दर्जन अधिक किसान आक्रोश प्रकट कर रहे थे।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार