कैमूर के किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने को सिखाए जाएंगे गुर

कैमूर। जिले के किसानों को रबी फसल की खेती करने के वैज्ञानिक तौर तरीके सिखाने को लेकर कृषि विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। अब जिले के किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के गुर सिखाए जाएंगे। ताकि किसान रबी फसल का बेहतर उत्पादन प्राप्त करें। कृषि विभाग ने पंचायतों के गांवों में किसान चौपाल का आयोजन करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। जिले के पंचायतों के चयनित गांव में किसान चौपाल का आयोजन सात दिसंबर से प्रारंभ होकर 21 दिसंबर तक चलेगा।

इस संबंध में आत्मा के उपनिदेशक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि किसान चौपाल का आयोजन जिले की पंचायतों में निदेशक बामेती पटना के निर्देश के आलोक में किया जा रहा है। जिले की पंचायतों के अंतर्गत आने वाले चयनित गांव में किसान चौपाल का आयोजन कर पंचायतों की संख्या के आधार पर पदाधिकारियों की टीम का गठन किया गया है। जिसमें कृषि समन्वयक तकनीकी सलाहकार किसान सलाहकार और संरक्षण पर्यवेक्षक उद्यान विभाग के प्रसार कर्मियों के अलावा अन्य कर्मी व प्रखंड कृषि पदाधिकारी रहेंगे। किसान चौपाल में किसानों को रबी फसल के बेहतर उत्पादन की जानकारी पदाधिकारियों के अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा दी जाएगी। परियोजना उपनिदेशक ने बताया कि किसान चौपाल के आयोजन कार्यक्रम का निर्धारण कर लिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही जिले की निश्चित पंचायतों के गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। जिसमें फसलों के उत्पादन के साथ-साथ सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री तीव्र विस्तार बीज योजना, एकीकृत बीज ग्राम योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन योजना, यांत्रिकीकरण मिट्टी जांच एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड राष्ट्रीय विकास योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना पौधा संरक्षण किसान क्रेडिट एवं ऋण कार्ड योजना के अलावा बागवानी मिशन की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी पदाधिकारियों द्वारा जानकारी दी जाएगी। जिले की सभी पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार यानी सात दिसंबर से किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार