गम्हरिया में दहेज के लिए विवाहिता की मारपीट कर हत्या

रोहतास। थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में दहेज को ले शनिवार की शाम एक विवाहिता की मारपीट कर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतका रूबी देवी 28 वर्ष रविद्र पासवान की पत्नी बताई जा रही है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आंगन में शव बरामद किया। इस संबंध में मृतका के पिता कामेश्वर पासवान एवं भाई ज्ञानेश्वर पासवान ने पति पर ही दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को मायके वालों के साथ पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि नोखा थाना क्षेत्र के दानापुर निवासी मृतका के पिता कामेश्वर पासवान के अनुसार उन्होंने अपनी पुत्री रूबी की शादी 2011 में गम्हरिया निवासी रविद्र पासवान के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति व ससुराल वाले दहेज के लिए अक्सर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ित करते रहते थे। जिससे तंग आकर वह अपने मायके में ही रहती थी। 15 दिन पूर्व ससुराल आई थी। यहां आते ही पति और ससुराल वाले फिर से मारपीट करना शुरू कर दिया। भाई का कहना है कि आज दोपहर बाद लगभग तीन बजे उन्हें ग्रामीणों से इस घटना की जानकारी मिली। पति समेत ससुराल वाले मारपीट कर जहर खिला गंभीर अवस्था में छोड़ कर घर से फरार हो गए। जिससे इलाज के अभाव में मेरी बहन की मृत्यु हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घर के आंगन में शव बरामद किया। मायके वालों की ओर से अभी प्राथमिकी के लिए किसी तरह का आवेदन नहीं दिया गया है। मायके वालों के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पति समेत ससुराल वाले घटना के बाद से फरार बताए जाते हैं। पुलिस मामले का गहन अनुसंधान कर रही है।

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार