विरोधी अगर साबित कर दें कि कृषि कानून गलत तो उनके घर की करेंगे सफाई

संवाद सूत्र, लालगंज :

केंद्र के कृषि कानून को किसानों के व्यापक हित में बताते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने रविवार को वैशाली जिले के लालगंज में आयोजित किसान सम्मेलन में विरोधी पार्टियों को निशाने पर लिया। नित्यानंद ने कांग्रेस, वामदल राजद एवं अन्य विरोधी पार्टियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर साबित कर दें कि यह कानून गलत है तो मैं उनके घर पर जाकर चार दिन तक स्वच्छता अभियान चलाऊंगा। दरअसल, विरोधी पार्टियां अपने मन में पाले हुए हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को रोकना है। लेकिन प्रधानमंत्री का सपना किसानों की आय को दोगुना करना है और ऐसा करने से हमें कोई नही रोक सकता।
किसानों की भारी जुटान ने कृषि कानून पर लगाई मुहर यह भी पढ़ें
लालगंज के गंडक प्रोजेक्ट मैदान में आयोजित किसान महासम्मेलन में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले किसान ट्यूबबेल, पंपिग सेट आदि से पटवन कर खेती करते थे। जिसमें डीजल लगता था और डीजल का मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार से तय होता है। जिससे किसानों को अधिक लागत आती थी। हमारी सरकार ने किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाया। जिससे उनकी लागत कम हुई और मुनाफा अधिक होने लगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बुधवार को प्रखंड परिसर में बिजली के कनेक्शन के लिए शिविर लगाकर किसानों को बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद ने विपक्षी पार्टियों कांग्रेस, राजद, वामदलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो 1962 की लड़ाई में भारत के साथ नहीं थे। वही लोग कृषि बिल का विरोध कर रहे हैं। आज इन लोगों की वजह से लेह-लद्दाख जैसे क्षेत्रों में जहां हमारे देश के जवान हमारी सुरक्षा में डटे है, उन तक ट्रेन और ट्रक नहीं पहुंच पा रही है। नित्यानंद ने कहा कि यह एक बड़ी साजिश है। ऐसा किसान कभी नहीं कर सकते। पहले यूरिया की कालाबजारी होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। कांट्रेक्ट फार्मिंग के बारे में भी किसानों को विस्तार से समझाया। वहीं फसल बीमा के संबंध में भी जानकारी दी। इंसर्ट
कृषि कानून का विरोध, यह सब है बिचौलियों का खेल : संजय
कृषि सम्मेलन में लालगंज से भाजपा के विधायक संजय कुमार सिंह ने कहा कि यह सब बिचौलियों का खेल है। इनकी मंशा हमें कभी पूरा नहीं होने देना है। नीलगाय, घोड़परास की समस्या को लेकर भी हमारी सरकार ने हैदराबाद की कंपनी से समझौता किया है। जल्द ही इस समस्या से निजात दिलाया जाएगा। धान खरीद में भी किसानों के साथ कोई गड़बड़ी नहीं होगी। अगर कहीं से कोई शिकायत आती है तो इसके लिए मैं हमेशा तत्पर हूं।
प्रधानमंत्री पर है विश्वास, गलत नहीं हो सकता बिल : अवधेश
हाजीपुर से भाजपा के विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्तव्यनिष्ठा पर पूरा विश्वास है। कृषि बिल गलत नहीं हो सकता। देश के युवराज राहुल गांधी और बिहार के युवराज तेजस्वी यादव देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। वैसे युवराजों को भी देश के लोगों को झेलना पर रह है। कृषि कानून को किसानों के व्यापक हित में बताते हुए अवधेश ने कहा कि देश का यह पहला आंदोलन है जिसमें किसान कहीं भी शामिल नहीं हैं। विरोधी पार्टियां गलत राजनीति कर रहे हैं। किसान इस कानून से होने वाले फायदे को समझ रहे हैं। पातेपुर विधायक समेत कई नेताओं ने रखे अपने विचार लालगंज में आयोजित किसान सम्मेलन में पातेपुर से भाजपा विधायक लखेन्द्र कुमार रौशन समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज से दस साल पहले किसानों की स्थिति ऐसी थी कि ना बुजुर्गों को दवाई, ना युवाओं को पढ़ाई और ना बेटी की सगाई किसान कर पाते थे। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नित्यानंद राय ने जहर पीकर जनता को अमृत बांटने का काम किया है। ऐसा काम जिगर वाला ही कर सकता है। पारसनाथ चौधरी, राकेश सिंह, विजय सर्राफ,नन्दकिशोर सिंह, ललित कुशवाहा, ललन सिंह, तुफैल कादरी, वीणा देवी, ज्योति कुमार, मनोज गैतम, किसान जितेंद्र कुमार सिंह समेत कई लोगों ने सभा को संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम में दीपक कुमार सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजन कुमार, मंडल महामंत्री विनीत कुमार, नगर पार्षद हृदय साह, राजन तिवारी, सुमन कुमारी, अजय शर्मा, प्रयाग सहनी समेत भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार गुप्ता ने किया।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार