जिले में नगर पंचायतों की संख्या तीन से बढ़कर हुई चार

मधुबनी। नगर परिषद मधुबनी को उत्क्रमित कर नगर निगम का दर्जा दे दिया गया है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर परिषद मधुबनी को नगर निगम में उत्क्रमित करने के संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। वहीं, जिले में एक और नई नगर पंचायत फुलपरास का सृजन किया गया है। इसके साथ ही अब जिले के जयनगर, झंझारपुर, फुलपरास अनुमंडलों एवं जिला मुख्यालय में शहरी निकाय हो गया है। इसके अलावा भी घोघरडीहा नगर पंचायत पहले से ही है, जबकि घोघरडीहा प्रखंड ही है। लेकिन, बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय को शहरी निकाय नहीं बनाए जाने से वहां के लोगों में मायूसी है।


बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय रहते हुए भी इसे शहरी निकाय नहीं बनाया जाना वहां के लोगों को रास नहीं आ रहा है। उम्मीद की जा रही थी की बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय को भी शहरी निकाय के रुप में अधिसूचित किया जाएगा। लेकिन, फिलहाल ऐसा नहीं किया जा सका है। जिस कारण बेनीपट्टी के लोगों को शहरी निकाय के लिए अभी इंतजार ही करना पड़ेगा। हालांकि, जयनगर एवं झंझारपुर नगर पंचायत को भी उत्क्रमित कर नगर परिषद का दर्जा देने की आस लगाए वहां के लोग बैठे थे। लेकिन, जयनगर एवं झंझारपुर नगर पंचायत को नगर परिषद में उत्क्रमित नहीं किए जाने से वहां के लोगों को भी निराशा ही हाथ लगी है। वहीं, जिले के कई प्रखंड मुख्यालय के लोग भी अपने प्रखंड मुख्यालय को शहरी निकाय अधिसूचित किए जाने की बाट जोह रहे थे, लेकिन ऐसे लोगों को भी निराशा ही हाथ लगी है। बहरहाल, अब जिले में एक भी नगर परिषद नहीं रहा। अब जिले में एक नगर निगम हो गया है। वहीं, जिले में नगर पंचायतों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गई है। जिले के सदर अनुमंडल मुख्यालय सह जिला मुख्यालय अब नगर निगम बन गया है। जिले के जयनगर एवं झंझारपुर अनुमंडल मुख्यालय तो पहले से ही नगर पंचायत है और अब फुलपरास अनुमंडल मुख्यालय भी नगर पंचायत बन गया है। अब जिले का केवल एक अनुमंडल मुख्यालय बेनीपट्टी ही शहरी निकाय बनने से वंचित रह गया है।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार