जांच में सामुदायिक संगठक (सीओ) का प्रमाण पत्र पाया गया फर्जी

मोतिहारी। नगर परिषद में फर्जी प्रमाण पत्र पर सामुदायिक संगठक (सीओ) के रूप में सुचेता सिन्हा की नियुक्ति अब तूल पकड़ने लगी है। इसको लेकर उपमुख्य पार्षद रविभूषण श्रीवास्तव ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुनील कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उपमुख्य पार्षद रवि ने स्थायी समिति सदस्यों की मौजूदगी में प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि चयन समिति ने प्रमाण पत्र की जांच कराए बगैर सामुदायिक संगठक (सीओ) पद पर नियोजन कर लिया। मामला सामने आने के बाद नप प्रशासन ने सीओ सुचेता सिन्हा का दो अनुभव प्रमाण पत्र संबंधित संस्था को जांच के लिए भेजा था। जांच में संस्था द्वारा दोनों अनुभव प्रमाण पत्र बनावटी एवं फर्जी करार दिया गया। इसको लेकर संस्था ने नगर परिषद के मेल पर जांच रिपोर्ट भी सौंप दिया। इसके बाद भी कार्यपालक पदाधिकारी नियोजन को रद नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में सीधे कार्यपालक पदाधिकारी दोषी हैं। इसलिए उनपर प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। रवि ने बताया कि इस मामले को लेकर सदर एसडीओ प्रियरंजन राजू से मिलकर कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करेंगे। यहां बता दे कि सामुदायिक संगठक सुचेता सिन्हा की नियुक्ति के खिलाफ इस पद की आवेदक पुष्पा पाण्डेय, जूही राज, विभु प्रकाश, शिवानी वर्मा, रवि कुमार, सोनी कुमारी, उषा कुमारी समेत 10 आवेदकों ने सशक्त स्थायी समिति को एक शिकायत पत्र नियुक्ति को नियम के विरुद्ध कर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया था। मौके पर सशक्त स्थायी समिति सदस्य गुलरेज शहजाद, सशक्त स्थायी समिति सदस्य प्रतिनिधि संजीव सिंह, प्रयाग सहनी, हरीश कुमार मौजूद थे।


वर्जन
अनुभव प्रमाण पत्र जांच के लिए संबंधित संस्था को भेजा गया था। संस्था द्वारा जांच रिपोर्ट भेजने की बात मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर संस्था द्वारा प्रमाण पत्र फर्जी करार दिया गया होगा तो नियोजन रद करने की कार्रवाई की जाएगी।
सुनील कुमार
कार्यपालक अधिकारी
नगर परिषद मोतिहारी।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार