कैमूर मेंकिसानों की समस्या सुन डीएम ने बीसीओ की लगाई क्लास

कैमूर। स्थानीय प्रखंड कार्यालय का मंगलवार को डीएम नवदीप शुक्ला ने निरीक्षण किया। उनके पहुंचने से पूर्व से खड़े स्थानीय प्रखंड के मोकरम पंचायत के कई किसानों ने डीएम के समक्ष अपनी समस्या को बताया। किसानों ने अपने धान को पैक्स में बेचने से संबंधित कई परेशानियों के बारे में उन्हें जानकारी दी। मोकरम पंचायत के किसान चंद्रशेखर सिंह, राकेश कुमार पांडेय तथा दिलीप कुमार सिंह आदि किसानों ने बताया कि उनके धान की खरीदारी अब तक पैक्स द्वारा नहीं की गई। जिसके उम्मीद पर उनकी फसल अब भी खलिहान में पड़ी है। किसानों ने बताया कि आए दिन मौसम भी काफी खराब रहा है। कभी भी बारिश हो सकती है। ऐसे में उनके खलिहान में पड़े हुए धान खराब हो सकते हैं। किसानों ने डीएम के सामने संबंधित पैक्स पर आरोप लगाते हुए कहा कि बहुत सारे किसानों के रजिस्ट्रेशन होने के बावजूद भी वे अपने धान को औने पौने दाम पर बिचौलियों को बेच दिए। किसानों का आरोप था कि प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पैक्स में धान की बिक्री करवाने में उनका सहयोग नहीं कर रहे हैं। किसानों ने कहा की बीसीओ का कहना है कि सभी सुविधा से लैस होकर सभी किसान स्वयं हीं क्रय केंद्र पर अपने धान को पहुंचाएं, तब जाकर तो खरीदारी हो सकेगी। इतना सुनने के बाद डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आदेश देकर बीसीओ को तत्काल अपने समक्ष बुलाया तथा उन्हें अपने कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए कड़ी चेतावनी दी। डीएम ने मोकरम पंचायत के पैक्स से संबंधित खरीदारी का बीसीओ से दो दिनों के अंदर रिपोर्ट की मांग की। डीएम ने सीओ से आरटीपीएस कार्यालय से होने वाले काम की जानकारी भी ली। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मयंक कुमार सिंह, अंचलाधिकारी विनोद कुमार सिंह भी उपस्थित थे।


शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार