कार्यो के निष्पादन में लाएं तेजी : डीएम

कैमूर। स्थानीय प्रखंड कार्यालय का सोमवार को डीएम नवदीप शुक्ला ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने प्रखंड कार्यालय की व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने प्रखंड कार्यालय में पहुंचने के बाद एक-एक कार्यालय का निरीक्षण कर सभी बिदुओं पर गहनता से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीडीओ से विकास कार्यों के बारे में पूछा। प्रखंड कार्यालय में कर्मियों की उपस्थिति व पंजियों के संधारण के बारे में पूछा। साथ ही अंचल कार्यालय में दाखिल खारिज, आरटीपीएस काउंटर पर मामलों के निष्पादन, भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन सहित अन्य मामलों के निष्पादन के बारे में जाना। उन्होंने बीडीओ व सीओ को मामलों के निष्पादन की गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सोमवार को आवास कार्यालय के टूटे प्लास्टर पर भी संज्ञान लिया। कहा कि जर्जर भवन के बारे में जानकारी दें। तत्काल उसकी मरम्मत कराने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रखंड कार्यालय में कार्यों से आने वाले लोगों की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।


बता दें कि अचानक डीएम के रामपुर प्रखंड कार्यालय में पहुंचने से पदाधिकारियों व कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। सभी पदाधिकारी व कर्मी अपने-अपने कार्यालय में बैठ कर कार्य करने लगे। इधर उधर रहे कर्मी डीएम के आने की सूचना मिलते ही अपने कार्यालय में पहुंच गए। डीएम जितनी देर प्रखंड कार्यालय में रहे कर्मियों के बीच डर बना रहा। हालांकि डीएम ने पूछे जाने पर बताया कि इस निरीक्षण में पंजियों का संधारण, कर्मियों की उपस्थिति, मामलों के निष्पादन, आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण में स्थिति ठीक मिली है। जो कमी मिली है उसे शीघ्र दूर कराने का निर्देश दिया गया है।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार