चौपाल में विकास कार्य को लेकर उठे सवाल

खगड़िया। मंगलवार को 'दैनिक जागरण' की ओर से बोबिल पंचायत भवन परिसर में चौपाल लगाया गया। जहां पांच वर्षों में पंचायत के विकास के मुद्दे पर आम जनता ने खुलकर अपनी-अपनी बातें रखीं। चौपाल में पूर्व मुखिया ब्रह्मदेव पासवान, जदयू नेता सह पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ कुमार, पंचायत समिति सदस्य योगेश कुमार आदि मौजूद थे। हालांकि मुखिया संगीता देवी व्यस्त रहने के कारण चौपाल में भाग नहीं ले पाई। जबकि ग्रामीणों द्वारा संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव को कार्यक्रम की जानकारी देने के बाद भी पंचायत भवन बोबिल का ताला नहीं खुल पाया। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। चौपाल के दौरान जदयू पंचायत अध्यक्ष दीपलेश पासवान ने वार्ड छह महादलित टोला के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। कहा कि बीते पांच वर्ष में मात्र एक योजना चलाई गई है। अनुसूचित मध्य विद्यालय में चापाकल, शौचालय नहीं है। कहा कि उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बोबिल परिसर में 200 पौधे लगाए गए। लेकिन एक भी पौधा देखने को नहीं मिलेगा। वहीं गुड्डू पासवान ने कागजों पर ही उप स्वास्थ्य केंद्र संचालन किए जाने का आरोप लगाया। कहा कि कभी बिहार सरकार की नर्सरी की जमीन में खेल मैदान हुआ करता था। जिसे आज खरीद कर फसल उगाई जा रही है। सुशील पासवान ने पंचायत के स्कूलों में शिक्षक के अभाव में पठन-पाठन कार्य नहीं होने का आरोप लगाया। पंचायत सरकार भवन निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप भी लगा। नंदन कुमार ने कहा कि पंचायत भवन के एक कमरा में 2018 में आरटीपीएस काउंटर खोला गया लेकिन दो वर्षों के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ है। फुलेश्वर सिंह ने खेतों में जल जमाव के निदान को लेकर सिनवाड़ा- पचौत नहर के कनभरिया के समीप नहर में जल निकासी को लेकर स्लूईस गेट बनवाए जाने की बात कही। वहीं जल निकासी को लेकर गांव में नाला नहीं रहने से बरसात के दौरान सड़कें झील में तब्दील हो जाती है।


मुखिया संगीता देवी ने कहा कि मैं खगड़िया में हूं। इसलिए चौपाल में भाग नहीं ले सकी। पंचायत भवन की चाबी मेरे पास ही है। पांच वर्षों में पंचायत के विकास को लेकर हरसंभव प्रयास किया गया है। सड़कें बनीं हैं। पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो रहा है। विरोधी जान-बूझकर आरोप लगाते हैं।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार