शोभनी गांव में जमीन विवाद में गाली मारकर हत्या

लखीसराय । सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के शोभनी गांव में सोमवार की शाम जमीन विवाद में पड़ोस के ही लोगों ने स्व. सोने लाल सिंह के पुत्र राजीव सिंह उर्फ रानी सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार राजीव सिंह उर्फ रानी सिंह का पड़ोस के ही स्व. रामउचित सिंह के पुत्र सुबोध सिंह से जमीन विवाद चल रहा था। सोमवार को सुबोध सिंह के निर्माणाधीन मकान के रास्ते राजीव सिंह अपना ईंट लदा ट्रैक्टर ले जा रहा था। ईंट लदा ट्रैक्टर ले जाने से राजीव सिंह को सुबोध सिंह ने मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हो रहा था। इसी दौरान किसी ने राजीव सिंह को गोली मार दी। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था परंतु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शोभनी गांव में तनाव व्याप्त है। विदित हो कि जमीन विवाद को लेकर पूर्व से ही सुबोध सिंह एवं राजीव सिंह के परिवार के बीच विवाद चल रहा है। चार अगस्त 1998 को गांव के ही कुछ लोगों ने सुबोध सिंह के पिता रामउचित सिंह की हत्या कर दी थी। रामउचित सिंह हत्याकांड में विगत तीन दिन पूर्व दो लोगों को आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है। जबकि करीब 20 वर्ष पूर्व अपराधियों द्वारा राजीव सिंह उर्फ रानी सिंह के पिता सोने लाल सिंह की भी हत्या कर दी गई थी। सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक के स्वजन द्वारा अभी तक इस संबंध में पुलिस को आवेदन नहीं दिया गया है।


शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार