जीवन में अनुभव से ही लोग आगे बढ़ते हैं: राजेश रंजन

मुंगेर । महापुरुषों के गुणों को आत्मसात कर ही आगे बढ़ सकते हैं। लोगों को अहंकार का त्याग कर सदकार्य करना चाहिए। इससे आत्म संतुष्टि और सफलता मिलती है। जीवन में अनुभव से ही लोग आगे बढ़ते हैं। उक्त बातें वरिष्ठ माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर, मुंगेर के मासांत बैठक में आचार्यों को संबोधित करते हुए मुंगेर विभाग के नए विभाग प्रमुख राजेश रंजन ने कही।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पढ़ाई के साथ-साथ समाज और राष्ट्र सेवा का भी हो। जीवन में संघर्ष के क्षण आते हैं, लेकिन सफलता उसी को मिलती है जिसमें कार्यकुशलता, धैर्य, साहस, करुणा और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना हो। इसके पूर्व नए विभाग प्रमुख राजेश रंजन को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक एवं क्षेत्रीय बालिका शिक्षा संयोजिका कीर्ति रश्मि ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक ने कहा कि निरंतर प्रशिक्षण से आचार्यों में कार्य कुशलता एवं नेतृत्व की क्षमता का विकास होता है। व्यक्ति में नई जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छाशक्ति का होना आवश्यक है, तभी व्यक्ति का विकास हो सकता है। सुदृढ़ और कुशल नेतृत्व करने वाले आचार्यों का निर्माण ही विद्या भारती का लक्ष्य है। अपने कर्तव्यों का पालन कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। विद्या भारती विद्यालय ने कोरोना काल में समाज हित में कई कार्य किए। जिसकी सर्वत्र सराहना हुई है। आगे भी भैया-बहनों के लिए ऑफ एवं ऑन लाईन के माध्यम से शिक्षण की व्यवस्था रहेगी। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य उज्ज्वल किशोर सिन्हा, क्षेत्रीय बालिका शिक्षा संयोजिका कीर्ति रश्मि, प्राथमिक खंड के प्रभारी प्रधानाचार्य अविनाश कुमार सहित विद्यालय के सभी आचार्य मौजूद थे।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार