गोठ बन्नी में ग्रिल का ताला खोलकर चोरी

खगड़िया। महेशखूंट थाना क्षेत्र के गोठ बन्नी गांव में मंगलवार की रात चोरों ने आधे दर्जन घरों में चोरी करने की कोशिश की और खाली घर पाकर सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर मृत्युंजय झा के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया।

चोरों ने मास्टर चाबी से मेन गेट के ग्रिल का ताला खोलकर चोर अंदर प्रवेश किया। पूरे कमरे के सामन को तहस-नहस कर डाला। वहीं दो अटैची व एक बक्शा लेकर चले गए। इसकी सूचना महेशखूंट पुलिस को दी गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए महेशखूंट थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर दल-बल के साथ पहुंच कर जायजा लिया। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से तीन-चार सौ गज उत्तर गेहूं की खेत से दोनों अटैची व बक्शा बरामद कर लिया। संयोग से उसमें कागज-पत्तर था। चोर को केवल कुछ कपड़े, एक चांदी का सिक्का व चार हजार नकदी ही हाथ लगा। पीड़ित द्वारा महेशखूंट थाना में आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस चोरों का पता लगा रही है। शीघ्र मामले का पर्दाफाश होगा।

========
घर में घुस नहीं पाए तो बाहर से चढ़ा दी कुंडी
ग्रामीणों ने बताया कि रात में चोरों ने आधे दर्जन घरों में हाथ साफ करने की कोशिश की। मृत्युंजय झा की घर को छोड़ अन्य घरों में लोगों की मौजूदगी थी। सभी के घर अंदर से बंद थे। ऐसा प्रतीत होता है कि चोर चतुरानंद ठाकुर के छज्जे पर रखी सीढ़ी को उतारकर उससे उनकी छत पर चढ़े। उनके घर के अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं पाया तो नित्यानंद ठाकुर के आंगन में उतर गए। यहां भी सभी घर मजबूती से बंद थे तो चोरों ने श्री ठाकुर के कमरे की जंजीर बाहर से चढ़ा दी। रात में अपने कमरे में सो रहे ठाकुर ने जगने के बाद जब दरवाजा खोलने की कोशिश की तो यह बाहर से बंद था। इसपर वे अपने स्वजन पर ही नाराज हुए। सुबह पता चला कि यह चोरों की करामात थी। चोरों ने ऐसे तीन घरों के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी जिसमें वे प्रवेश नहीं कर पाए।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार