महाकालेश्वर प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर निकली कलश शोभा यात्रा

शिवहर। जिले के तरियानी प्रखंड के औरा गांव में नवनिर्मित श्री महाकालेश्वर शिव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। हाथी-घोड़ा, उंट और गाजे - बाजे के साथ 551 कुंवारी कन्याओं द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान इलाका हर-हर महादेव के नारों से गूंजता रहा। कुंवारी कन्याओं की कलश शोभा यात्रा बागमती नदी उत्तरायणी घाट पर पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुंवारी कन्याओं द्वारा जल बोझा गया। वहीं बागमती नदी उत्तर वाहिनी नदी से जल लेकर कन्याएं पुन: यज्ञ स्थल पर पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान पंडितों ने कलश स्थापन कराया। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूर्व मुखिया केदार सिंह, पूर्व प्रमुख मनोज सिंह, समाजसेवी अंजनी कुमार सिंह, एनके झा, सुनील कुमार, राकेश कुमार, विनोद कुमार सिंह, दिनेश प्रसाद गुप्ता व मनोज कुमार सिंह सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान इलाके में आस्था और भक्ति का नजारा दिखा। मालूम हो कि 11 मार्च को औरा गांव में नवनिर्मित श्री महाकालेश्वर शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर महाकालेश्वर महादेव शिवलिग की स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर विशेष प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बनारस से आए दर्जनों विद्वान पंडितों द्वारा यज्ञ कराया जाएगा। यज्ञ को लेकर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यज्ञस्थल को जाने वाली सड़क में जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए है। आसपास के लोगों में खासकर महिलाओं व युवतियों में उत्साह दिख रहा है। पड़ोसी गांवों से भी लोग यज्ञ में भाग लेने पहुंच रहे है। जबकि, यज्ञ स्थल से निकल रहे वैदिक मंत्रोच्चार से इलाका भक्तिमय हो गया है।


शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार