तेज रफ्तार ने ली बच्चे की जान, विरोध में सड़क जाम

कैमूर। थाना क्षेत्र के पढ़ौती गांव की नहर के पास खेल रहे बच्चों में शामिल एक बच्चे को तेज रफ्तार में जा रहे वाहन ने रौंद दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार की दोपहर की बताई जाती है। घटना को देख अन्य बच्चे भाग कर गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को बताया। जानकारी होने के बाद काफी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बच्चे को मरा हुआ देख आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया। मृतक पढ़ौती गांव के संजय पासवान का पुत्र अनुराग तीन वर्ष बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार पढ़ौती गांव के कुछ बच्चे नहर के किनारे खेल रहे थे। जहां अनुराग भी खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह सड़क तक पहुंच गया। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही जायलो की चपेट में आ गया। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार जायलो पढ़ौती पंचायत की मुखिया के देवर अमित कुमार चला रहा था। उधर घटना के बाद ग्रामीणों ने भभुआ-भगवानपुर पथ और ओरगाईं जाने वाले रास्ते को जाम कर दिया। जाम से भभुआ से भगवानपुर जाने वाले वाहन और भगवानपुर से भभुआ की ओर आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम की सूचना पर बीडीओ मयंक कुमार सिंह, सीओ विनोद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण नहीं माने। ग्रामीण डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े थे। हालांकि लगभग साढ़े चार बजे ओरगाईं गांव निवासी समाजसेवी नीरज पांडेय ने ग्रामीणों से बातचीत कर वाहन स्वामी की ओर से तीन लाख रुपये का चेक प्रदान कराया। साथ ही बीडीओ ने भी नियमानुसार हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद लगभग पांच बजे पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजी।

भाइयो में सबसे छोटा था अनुराग
संजय पासवान के तीन पुत्र हैं। जिसमें सबसे बड़ा सात वर्ष का शन्नी, पांच वर्ष का हन्नी और तीन वर्ष अनुराग। लेकिन इस घटना से अनुराग की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधि के वाहन से टक्कर लगी। घटना के बाद उन्हें वहीं रुक कर बच्चे को इलाज के लिए ले जाना चाहिए था। वाहन लेकर चालक के भागने के चलते ग्रामीण और आक्रोशित थे।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार