प्रखंड कार्यालय को भवन नहीं रहने से हो रही परेशानी

उपेक्षा

किराए के मकान में आवास लेकर रहने को मजबूर
प्रखंड कार्यालय का सृजन 1994 में किया गया था
लकड़ी नबीगंज। एक संवाददाता
स्थापना के कई दशक बीतने के बावजूद प्रखंड सह अंचल कार्यालय लकड़ी नबीगंज के लिए अभीतक अपना भवन नसीब नहीं हो सका है। अभी प्रखंड सह अंचल कार्यालय लकड़ी पंचायत के सामुदायिक भवन में चलता है। प्रखंड कार्यालय का सृजन 1994 में किया गया था। बसंतपुर प्रखंड से कटकर लकड़ी नबीगंज प्रखंड सह अंचल के लिए 11 पंचायतों को शामिल किया गया। इनमें से तीन पंचायत बलडीहा, भादा खुर्द व डुमरा जामो थाना क्षेत्र में पड़ता है। शेष आठ पंचायत लकड़ी नबीगंज ओपी क्षेत्र में है। प्रखंड कार्यालय के लिए सरकारी भवन नहीं रहने से प्रखंड व अंचल कार्यालय चलाने में कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिकारी व कर्मचारी भी भवन नहीं रहने से परेशानी झेलने को विवश है। अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आवास भी नहीं बन सका है। ऐसी स्थिति में अधिकारी व कर्मचारी अन्यत्र स्थानों पर किराए के मकान में आवास लेकर रहने को मजबूर हैं। हालांकि प्रखंड व अंचल कार्यालय भवन निर्माण के लिए स्थानीय अधिकारियों द्वारा पत्राचार किया जाता रहा है। बावजूद अभीतक भवन निर्माण की दिशा में सार्थक कार्रवाई नहीं होने से प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भवन नहीं बन सका है। स्थानीय लोगों ने जनहित में प्रखंड व अंचल कार्यालय का भवन शीघ्र बनवाए जाने की मांग की है।

अन्य समाचार