हत्याकांड में मुखिया सहित छह के खिलाफ एफआईआर

दरौली/गुठनी। एक संवाददाता

दरौली थाना क्षेत्र के डरैली मठिया में पूर्व मुखिया की हुई हत्या मामले में वर्तमान मुखिया सहित छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। शनिवार की देर शाम पूर्व मुखिया दयानंद यादव गोली मार हत्या कर दी गई थी। इसकी सूचना मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वही पूर्व मुखिया का शव देर रात पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गांव लाया गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर काफी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व मुखिया की हत्या आपसी विवाद में हुई है। हत्या की खबर सुनकर ग्रामीणों में आक्रोश था। वहीं रविवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार दरौली के पचमंदिरा घाट पर किया गया। मुखाग्नि मृतक के पुत्र अजित यादव ने दी। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। वहीं इसमें शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस मामले में मृतक के पुत्र अजित यादव ने एफआईआर दर्ज करायी है। कहा है कि जब उसके पिता शांति समिति की बैठक से वापस लौट रहे थे। तभी, वर्तमान मुखिया नन्हे यादव के साथ योगेन्द्र यादव, सत्येन्द्र यादव, शिवसागर यादव, अजय यादव व मुन्ना यादव ने घेर कर दनादन गोलियां चलानी शुरू कर दी। फलस्वरुप इस घटना में उसके पिता की मौत हो गयी।
संभालने के लिए लगी थीं आसपास की महिलाएं
पूर्व मुखिया के परिवार में पत्नी लक्ष्मीना देवी पुत्र अजीत कुमार, रंजीत कुमार और पुत्री सविता कुमारी व बबीता कुमारी हैं। पत्नी लक्ष्मीना देवी बार-बार उन्हें याद करके बेहोश हो जा रही थीं। रविवार को उन्हें संभालने के लिए आसपास की महिलाएं लगी हुई थीं। इधर हत्या की सूचना मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों की भीड़ उमड़ पड़ी। विधायक सत्यदेव राम, बड़हरिया विधायक बच्चा पाण्डेय, राजद जिलाध्यक्ष परमात्मा राम, किशोर गिरि, बबन यादव, अर्जुन पासवान, उपप्रमुख उमेश यादव, काशी चौधरी, जितेंद्र कुमार, हीरा सहनी, शरीफ अंसारी व दिनेश यादव पहुंच गये। वहीं सदर अस्पताल में राजद नेत्री हेना शहाब व सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंच गये।
हत्या के बाद पूरे प्रखंड के लोगों में आक्रोश
पूर्व मुखिया दयानंद यादव की हत्या के बाद पूरे प्रखंड के लोगों में काफी आक्रोश था। इसे देखते हुए जिले से अतिरिक्त पुलिसबल बुलाया गया। सूचना मिलने के बाद जीरादेई थानाध्यक्ष कैप्टन शाहनवाज, असांव थानाध्यक्ष इंद्रदेव महतो, मैरवा थानाध्यक्ष संजीव कुमार, गुठनी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, आंदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार को एसपी अभिनव कुमार ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए मौके पर भेजा। मुखिया समर्थकों और पुलिस के बीच थाना गेट के सामने काफी देर तक नोकझोंक हुई। हालांकि पुलिस के समझाने के बाद समर्थक शांत हो गए थे। रविवार को भी मृतक के गांव में पुलिस के जवान कैंप कर रहे हैं।
15 किलोमीटर दूर तक शव को लाया कंधे पर
पूर्व मुखिया दयानंद यादव के मौत की मौत बाद उनके परिजनों ने शव को उनके पैतृक गांव डरैली मठिया से दरौली पचमंदिरा घाट तक कंधे पर लाया। इस दौरान समर्थकों व परिजनों ने 15 किलोमीटर दूर तक शव को कंधा दिया। वहीं मुखिया के अंतिम दर्शन के लिए हर चौक व चौराहे पर लोगों की भीड़ खड़ी रही। लोगों का कहना था कि मुखिया काफी मिलनसार वह सज्जन व्यक्ति थे।
मौन रख आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना
दरौली। थाना क्षेत्र के टड़वा व पकड़ीपार के बीच डरैली मठिया के पूर्व मुखिया सह राजद नेता दयानंद यादव की हत्या के बाद रविवार को दरौली सरयू नदी के शिवाला घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रख आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूर्व मंत्री सह सीवान विधायक अवध बिहारी चौधरी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सभ्य समाज में अपराध का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तार करने को कहा है। मौके पर प्रमुख बबन यादव, उपप्रमुख उमेश यादव, मुखिया श्यामा यादव, अविनाश कुशवाहा, संजय प्रजापति, लालबहादुर भगत, अर्जुन पासवान व रविन्द्र यादव थे।
हत्याकांड की छानबीन कर दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार करें
दरौली। डरैली मठिया पंचायत के पूर्व मुखिया दयानंद यादव की हत्या की दरौली विधायक सत्यदेव राम ने घोर निंदा की। कहा कि मुखिया की हत्या दु:खद है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि इस हत्याकांड की छानबीन कर दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार करें। साथ हीं निर्दोष व्यक्ति को इस मामले में नहीं फंसाया जाय। वहीं उन्होंने से पुलिस से मांग किया कि दरौली थाना का क्षेत्र लम्बा होने से अपराधी किसी भी घटना को अंजाम देकर भाग जाते हैं। टड़वा में पुलिस पिकेट जल्द बनाया जाए। ताकि आसपास के पंचायत के लोगों की सुरक्षा की जा सके।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी अभिनव कुमार का कहना है कि हत्याकांड की एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। पुलिस परिजनों से लगातार संपर्क में है। इस घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार