मुख्यमंत्री के वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रसारित संदेश को सुना गया

सीवान। हिन्दुस्तान संवाददाता

पिछले एक साल से अन्य कार्यक्रमों की तरह इस वर्ष बिहार दिवस पर भी कोरोना का साया छाया रहा। कोरोना संकट से बचाव को देखते हुए एहतियातन इस वर्ष बिहार दिवस पर किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया। जिला प्रशासन के नेतृत्व में बिहार दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर से जागरुकता रथ रवाना किया गया। कोरोना वैक्सिनेशन व सामाजिक सुरक्षा विषय पर जागरुकता रथ को रवाना किया गया। वहीं संध्या में सभी कार्यालय रंग-बिरंगी रौशनी से जगमग हो उठे। इधर, सामाजिक सुरक्षा के तहत वृद्धजन के जीवन प्रमाणीकरण व दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड से संबंधित जागरुकता रथ शहर के अलावा प्रखंड मुख्यालयों का भ्रमण करेगी। बिहार दिवस पर डीएम अमित कुमार पांडेय व एसपी अभिनव कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा रवाना किया। बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के अगले चरण में कलेक्ट्रेट के सभागार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रसारित संदेश को सुना गया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में विकसित बिहार की संकल्प्ना को साकार करने पर जोर दिया। रघुनाथपुर विधायक हरिशंकर यादव, एडीएम रमण कुमार सिन्हा, डीडीसी दीपक सिंह, सिविल सर्जन डॉ. यदुवंश कुमार शर्मा, डीएसओ प्रमोद कुमार, सदर एसडीओ रामबाबू बैठा, डीआरडीए के निदेशक मृत्युजंय कुमार, डीईओ मोतिउर रहमान, डीपीओ समग्र शिक्षा अवधेश कुमार, डीपीओ स्थापना राजेन्द्र सिंह, डीपीओ एमडीएम दिलीप कुमार सिंह थे।
मुख्यमंत्री की परिकल्पना समृद्ध बिहार व बढ़ता बिहार
बिहार दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संदेश को जनप्रतिनिधियों ने सुना व समझा। शहर के रामदेव नगर में जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव के आवास पर मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रजेश सिंह, शिक्षक नेता प्रो. जयराम यादव ने कहा कि अतीत से ही वर्तमान सुदृढ़ होता है। इसे समझने की आवश्यकता है। जिला पार्षद प्रदुम्न राय, चंद्रिका राम, सुशीला देवी, पिंकी देवी, उषा बैठा, गुड़िया देवी, प्रीति कुशवाहा, आशीया खातून, मीना देवी कुशवाहा, सुशील कुमार डब्ल्यू, समरजीत सिंह, नीरज कुमार, प्रमोद कुमार व राजेश यादव मौजूद थे।
दीदियों को मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया
रघुनाथपुर। बिहार दिवस के मौके पर सोमवार को सभी महिला ग्राम संगठन और जीविका परियोजना कार्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संदेश को पढ़कर सुनाया गया। जीविका के बीपीएम सैफ राही के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री के संदेश को पढ़ा गया।
बिहार दिवस के अवसर पर स्कूलों में मुख्यमंत्री के पाती को पढ़ा गया
भगवानपुर हाट। विभिन्न स्कूलों में बिहार दिवस के 109वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री के पाती को पढ़ा गया। मुख्यालय के एस एस हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज में स्कूल के शिक्षकों व छात्रों ने मुख्यमंत्री के पाती को पढ़ा। आज हीं के दिन 22 मार्च 1912 को बंगाल से अलग होकर बिहार राज्य का गठन हुआ था। अपने पाती में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवा पीढ़ी से अच्छी आदतों को अपनाने की अपील की है।
जीविका दीदियों ने किया पौधरोपण
बड़हरिया। बिहार दिवस के अवसर पर प्रखंड के भामोपाली पंचायत में जीविका दीदियों ने पौधरोपण किया। टीम का नेतृत्व प्रखंड परियोजना प्रबंधक प्रीतम कुमार व प्रबंधक सामाजिक विकास आलोक कुमार मिश्रा ने किया। जिला जीविका कार्यालय के सामाजिक विकास प्रबंधक आलोक मिश्र ने दहेज मुक्त, नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जीविका दीदी की अग्रणी भूमिका को सभी के बीच दुहराया।
बिहार का रहा है गौरवशाली इतिहास
जीरादेई। प्रखंड क्षेत्र के पथारदेई जामापुर स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में सोमवार को बिहार दिवस के अवसर पर निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित की गयी। विद्यालय के निदेशक सुभाष प्रसाद ने कहा कि बिहार ने दुनिया को प्रथम गणतंत्रात्मक व्यवस्था दिया तथा शिक्षा के क्षेत्र में प्राचीन काल से नालंदा विश्वविद्यालय देश दुनिया को दिव्यज्ञान की रौशनी देता रहा। प्राचार्य शिवानी विक्रम व स्कूल के सभी शिक्षक मौजूद थे।
बिहार का अतीत रहा है गौरवशाली
सिसवन। चैनपुर मुबारकपुर स्थित आकाश सेंट्रल स्कूल में बच्चों ने बिहार दिवस धूमधाम से मनाया। इस दौरान बच्चों ने पंक्ति में खड़े होकर व बैठकर बिहार दिवस लिखा। बिहार दिवस का जश्न मनाया। इस दौरान छात्रों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए बच्चों ने बिहार की सांस्कृतिक विरासत व परंपरा को जीवंत किया। संचालक मिथिलेश भारती व सह संचालक आरती देवी ने किया।

अन्य समाचार