सीवान में हत्या, कहासुनी के बाद बदमाशों ने युवक के मुंह में सटाकर मारी गोली 

बड़हरिया थाना क्षेत्र के हलीम टोला में सोमवार की रात एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गयी। युवक सियाड़ी कर्ण निवासी जवाहिर यादव का पुत्र उपेंद्र यादव था। इधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच घटना की छानबीन में जुट गयी है। बताया जाता है कि बदमाश रात करीब आठ बजे युवक को उसके गांव से हलीम टोला लाए थे। कुछ देर बाद अचानक संपत्ति भगत के घर के पीछे बदमाशों और युवक में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गयी। इस दौरान मौके पर मौजूद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में युवक के मुंह में पिस्टल लगा गोली दाग दी।

गोली गलने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। लोग अपने-अपने घर को छोड़कर फरार हो गए हैं। दूसरी तरफ सियाड़ी कर्ण गांव के लोगों को जैसे ही उपेंद्र यादव की हत्या की खबर मिली वे काफी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को शव उठाने से मना कर दिया। सभी पुलिस के वरीय पदाधिकारी को मौके पर बुलाने को लेकर अड़े हुए हैं। उनका कहना था कि बदमाशों की गिरफ्तारी होने के बाद ही शव को उठाने दिया जाएगा।

अन्य समाचार