अब एक क्लिक पर जिले की मिलेगी जानकारी

एप जल्द ही गूगल प्ले स्टोर पर भी होगा उपलब्ध

जिलाधिकारी ने एप को किया लांच
छपरा। नगर प्रतिनिधि
जिले के लोगों को डिजिटल सुविधा देने के उदेश्य से जिलाधिकारी डॉ निलेश रामचंद्र देवरे ने गुरुवार को सारण प्रशासन एन्ड्रोआएड मोबाईल ऐप वर्जन 10 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह एप एनआईसी मुख्यालय की ओर से डिस्ट्रिक्ट गवर्नेंस थ्रू मोबाईल चैलेंज के अन्तर्गत एनआईसी, सारण की ओर से बनाया गया है। यह एप जल्द ही गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध रहेगा जिलाधिकारी ने एप की विशेषता बताते हुए कहा कि इस एप में प्रमण्डल, जिला, अनुमण्डल, प्रखण्ड व अंचल के पदाधिकारियों का दूरभाष संख्या अंकित है, जिस पर यूजर के द्वारा क्लिक करने पर कॉलिंग की सुविधा उपलब्ध है। पर्यटक के दृष्टिकोण से जिला के सभी पर्यटक स्थलों का संक्षिप्त विवरणी दर्शाया गया है। इसके माध्यम से जिले में चल रही नियुक्ति व टेंडर से संबंधित जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जायेगी। नागरिकों की सहायता के लिए विभिन्न सेवाओं जैसे-जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज व जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आदि से संबंधित आवेदन इस एप के माध्यम से ऑनलाईन किया जा सकता है। एप के शुभारंभ के समय जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी शतारणी कुमार व सहायक सूचना विज्ञान पदाधिकारी अमित कुमार सिंह उपस्थित थे।

अन्य समाचार