सारण में ससुराल वालों ने बाहरी बदमाशों को बुलाकर कराई रेशमा की हत्या

सारण। दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा तख्त लहमारी टोला में 15 मई की रात में डकैती के दौरान डकैतों द्वारा एक महिला के सिर में गोली मार कर हत्या किए जाने की घटना का उद्भेदन पुलिस द्वारा 24 घंटे के अंदर ही कर लिया गया। जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार मृतका के पति को जेल भेज दिया। इस हत्या कांड की साजिश पति के द्वारा ही रची गई थी। जिसके बाद बाहरी बदमाशों को बुलाकर अंजाम दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार बंगरा तख्त लहमारी टोला निवासी मुर्तुजा अंसारी की पत्नी रेशमा की हत्या करने एवं इसे डकैती का रूप देकर पुलिस जांच की दिशा बदलने की कहानी रेशमा के पति व ससुराल वालों ने ही रची थी। पुलिस ने मामले का उद्भेदन करने के साथ रेशमा के पति मुर्तुजा अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसकी जानकारी देते हुए छपरा सदर के एसडीपीओ मुनेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि रेशमा नए जमाने की पढ़ी लिखी महिला थी। वह नगरा के संजय गांधी इंटर कॉलेज में शिक्षिका थी। घर वालों के दबाव के कारण कॉलेज को छोड़ना पड़ा। शादी के बाद पुराने ख्याल वाले ससुराल वालों को उसके अपने हिसाब से रहना पसंद नहीं था। जो उसकी हत्या का कारण बना।
15 मई से पूर्व दो बार किया गया हत्या का प्रयास :
खैरा थाना क्षेत्र के अफौर गांव निवासी अब्दुल बारिक की पुत्री रेशमा की शादी 2013 में दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरवां लहमारी गांव के वकील अंसारी के पुत्र मुर्तुजा अंसारी से हुई थी। लड़की नये युग के एजुकेटेड थी। वह अपने तौर तरीकों से रहना चाहती थी, जो घरवालों को मंजूर नही था। इसकी वजह से वे लोग उसके साथ हमेशा मारपीट करते थे। 15 मई से पहले दो बार रेशमा की हत्या करने का प्रयास किया गया था। अंतत: 15 मई को घर में डकैती की कहानी रच कर उसकी हत्या कर दी गई। लेकिन ग्रामीणों से की गई पूछताछ एवं मृतका के भाई द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या कांड का उद्भेदन कर दिया।
मृतका के भाई की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है नामजद प्राथमिकी :
मृतका रेशमा के भाई राजा आलम की लिखित शिकायत पर दाउदपुर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज हुई है। जिसमें उसके पति मुर्तुजा अंसारी तथा उसके भाई आफताब अंसारी, असलम अंसारी, अख्तर अंसारी एवं रेशमा के ससुर वकील अंसारी के अलावा सलमा बेगम व सरवरी बेगम को नामजद किया गया है। इन सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।

अन्य समाचार