भोजपुर में घर में रस्सी के फंदे से लटका मिला युवक का शव

आरा। नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया मोहल्ले स्थित एक घर से शनिवार की दोपहर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटके हालत में बरामद किया गया। मृतक 18 वर्षीय कृष्ण कुमार टाउन थाना क्षेत्र के महादेवा रोड निवासी राज किशोर प्रसाद का पुत्र था। छह दिनों से लापता चला आ रहा था। वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया मोहल्ला में किराए पर सपरिवार रहता था। शव काफी क्षत-विक्षत हालत में था। पुलिस स्वजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। स्वजन किसी भी तरह के कलह व विवाद से इन्कार कर रहे है।

------

छह दिनों से चल रहा था लापता
मूल रूप से टाउन थाना के महादेवा निवासी राज किशोर प्रसाद पेशे से सेल्समैन का काम करते हैं। परिवार करीब तीन साल से अनाईठ मठिया मोहल्ला स्थित विष्णु शंकर प्रसाद नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहता है। कृष्ण कुमार पहले सिकंदराबाद में रहकर मजदूरी करता था। लेकिन, लाकडाउन होने के कारण एक वर्ष से यही रहा करता था। इधर मृतक के पिता राज किशोर प्रसाद ने बताया कि वे दो मंजिले फ्लैट में रहते हैं। कृष्णा छह दिनों से घर से लापता था। बराबर घर से बाहर रहता था। जिसके कारण उन्होंने खोजबीन नहीं की। उन्होंने सोचा कि वह फिर बाहर चला गया होगा। लेकिन, शनिवार की दोपहर जब दुर्गंध आने लगी तब परिवार के सदस्य चार मंजिले छत के सीढ़ी रूम में गए। सीढ़ी रूम में जाकर देखा तो उसके गले में रस्सी का फंदा बंधा हुआ था। छत के सिलिग के सहारे लटका था। उन्होंने इसकी सूचना नवादा थाना को दी। दूसरी ओर मृतक युवक के पिता राज किशोर प्रसाद ने किसी भी व्यक्ति पर मारने का आरोप एवं आशंका नहीं जताई है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
--

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार