कैमूर में महंगाई के विरोध में निकाला प्रतिरोध मार्च

फोटो नंबर- 09

संवाद सहयोगी, मोहनियां:
कैमूर। लगातार बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार के विरोध में भाकपा माले व अखिल भारतीय खेत मजदूर किसान सभा कैमूर जिला इकाई के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को जन प्रतिरोध मार्च निकाला गया। इसके बाद चांदनी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। जन प्रतिरोध मार्ग की अध्यक्षता का. असीमुद्दीन आलम ने किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर रोक लगाओ, नरेंद्र मोदी- नीतीश कुमार मुर्दाबाद, कम करो महंगाई, बांधों दाम। नहीं तो होगा चक्का जाम इत्यादि नारे लगा रहे थे। मोहनियां प्रखंड कार्यालय से जन प्रतिरोध मार्च नगर के चांदनी चौक स्थित बाबा साहब डा. बी आर अंबेडकर पार्क के पास पहुंचा। जहां सड़क पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया। इसके बाद कैमूर-रोहतास जिला सचिव का. अशोक बैठा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा नीत मोदी सरकार पर फ्लॉप है। यह सरकार संविधान विरोधी है। सरकार के पास न तो कोई नीति है नहीं कोई कार्य योजना है। युवा बेरोजगार हो रहे हैं। सार्वजनिक उपक्रम बेचे जा रहे हैं। सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। अब सरकार की नजर किसानों की जमीन पर है। उसे हड़पने की योजना बनाई जा रही है। इस चाल को नाकाम करने के लिए राजधानी दिल्ली के बॉर्डर पर सात सौ से ज्यादा किसानों ने अपनी शहादत दी है। चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बिहार में कोई भी का. बिना पैसे के नहीं होता। सभी लोग संगठित होकर संघर्ष करें। देसी नाजियों और बिहार राज्य से भ्रष्टाचारियों को खदेड़ें। जन प्रतिरोध मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम का संचालन कर रहे भाकपा माले कैमूर जिला के संयोजक का. हासिम खान ने कहा कि इतिहास से सबक लेने की जरूरत है। भारत सरकार और बिहार सरकार एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं।इन्हें गरीबों, मजदूरों, बेरोजगारों और महिलाओं के उत्पीड़न से कुछ लेना-देना है। चाहे पेट्रोल-डीजल, खाद्यान्न, सरसों तेल आदि का दाम आसमान छू ले या सातवें आसमान पर चला जाए सरकार को इससे कोई लेना देना नहीं है। सरकार चलाने वालों को देश के संविधान, किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों से कोई लेना देना नहीं है। पूंजीवादी समाज व्यवस्था को नेस्तनाबूद कर जनवादी समाजवाद के निर्माण के लिए लड़ाई लड़नी है। कार्यक्रम में अजय कुमार बैठा, बिहारी बाबू, हरेंद्र हंगामा, आफताब खान, दीपक पासवान, ब्रह्मानंद राहुल, सुजीत कुमार,रमेश पासवान, राजू पासवान आदि शामिल थे।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार