बिहारः चिराग पासवान पर पहली बार भाई प्रिंस राज ने बोला हमला, जनता का आशीर्वाद भी मिलना जरूरी

राज्य ब्यूरो, पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (पारस गुट) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रिंस राज शनिवार को दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पर पहुंचने पर पत्रकारों से कहा कि पार्टी का विस्तार जन-जन तक किया जाएगा। अपने चचेरे भाई चिराग पासवान की आशीर्वाद यात्रा के सवाल पर समस्तीपुर से लोजपा सांसद प्रिंस राज ने कहा कि कोई भी पार्टी यात्रा निकाल सकती है, जनता का आशीर्वाद भी मिलना चाहिए।

जातीय जनगणना के सवाल पर प्रिंस राज ने कहा कि गरीबों और आम जनता के हित में कोई भी कार्य हो, उसे सरकार को करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार एक कुशल राजनेता हैं और प्रदेश के विकास और जनता की भलाई के लिए बहुत बढिय़ा कार्य कर रहे हें। लोजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ललन चंद्रवंशी ने बताया कि प्रिंस राज ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और संगठन के विस्तार एवं आगे की रणनीति पर चर्चा की।
पारस ने तीन प्रदेशों में बनाए अध्यक्ष
लोक जनशक्ति पार्टी (पारस गुट) लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने तीन राज्यों के अध्यक्ष की नियुक्ति की। उन्होंने मुकेश कुमार को हरियाणा, एम. महबूब को केरल एंव अजय कुमार को राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है। इसके पहले भी पशुपति अपनी पार्टी का विस्तार कर चुके हैं। उन्होंने एक साथ कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की थी।
बता दें कि लोजपा में टूट के बाद प्रिंस राज अभी तक चिराग पासवान पर कुछ भी बोलने से बच रहे थे। मगर शनिवार को उन्होंने पहली बार कटाक्ष किया है। इसके पहले लोजपा अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस अपने भतीजे चिराग पासवान पर तंज कस चुके हैं। उन्होंंने कहा था कि चिराग की वजह से ही लोजपा में टूट हुई है। उनकी वजह से पार्टी के अधिकतर कार्यकर्ता नाखुश थे। ऐसे में हमने अलग राह चुनी।

अन्य समाचार