चोरी की घटना रोकने के लिए रात के 12 बजे सड़क पर उतरे एसपी



संवाद सूत्र, मधेपुरा : शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से पुलिस महकमा सकते में है। शहरवासियों व व्यवसायियों के आक्रोश को देखते हुए एसपी ने खुद ही कमान संभाल ली है। शुक्रवार की रात 12 बजे एसपी योगेंद्र कुमार खुद सदर थाना पहुंच गए। उसके बाद वहां पुलिस अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उसके बाद शहर की गश्ती के लिए निकल गए। इस दौरान सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय नारायण, सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, सदर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस बल के साथ शहर की गश्ती की गई। कालेज चौक, पुरानी बस स्टैंड, सुभाष चौक, कर्पूरी चौक होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचकर आटो, ई-रिक्शा सहित स्टेशन परिसर में बैठे यात्रियों से पूछताछ की। वहीं, यात्रियों के टिकट की जांच की गई।

एसपी ने बताया कि गश्ती में तेजी लाने का निदेश पुलिस पदाधिकारी को दिया गया है। पैदल गश्ती के लिए जोन बनाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानाध्यक्ष को सख्त निर्देश दिया गया है कि अपने थाना क्षेत्र में सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारी से गश्ती लगाएं। ताकि चोरी की घटना थम सके। उन्होंने बताया कि शहर की गश्ती के दौरान बाइक सवार लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही जांच की गई।

अन्य समाचार