चुनाव के दिन नजदीक आते ही बढ़ी बेचैनी

संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा): मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र में आठवें चरण में 24 नवंबर को पंचायत चुनाव होना है। चुनाव को महज कुछ ही दिन बचे हुए हैं। पंचायत चुनाव को लेकर मुरलीगंज प्रखंड की 17 पंचायतों में प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जोर-शोर से लगे हुए हैं। तमाम उम्मीदवार खुद को दूसरे से योग्य बताकर जनता को रिझाने में लगे हुए हैं। इंटरनेट मीडिया पर भी पोस्टर के माध्यम से भी खूब जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है, जो निवर्तमान जनप्रतिनिधि हैं, वह अपनी उपलब्धियां गिना रहे हैं। उसी के आधार पर वोट भी मांग रहे हैं। इस बार पंचायत चुनाव में कई नए उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं। वह निवर्तमान मुखिया और वार्ड सदस्य के द्वारा कराई गई योजनाओं पर सवाल उठाकर जनता को अपनी ओर आकर्षित करने में जुटे हुए हैं। जनता के बीच जाकर हाथ जोड़कर एक बार मौका देने की मांग कर रहे हैं। महिला उम्मीदवार भी पंचायत चुनाव में अपने घर की दहलीज को पार कर जनता के बीच जा रही है। वहीं महिला आरक्षण मिलने के बाद पंचायत स्तर पर काफी बदला-बदला रंग देखने को मिल रहा है। पुरुषों से कदम से कदम मिलाकर महिला कैंडिडेट भी प्रचार में जुटी हुई है। बता दें कि मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र में 24 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी प्रचार प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। गांव की सड़कों पर प्रत्याशियों के प्रचार गाड़ी पूरे दिन चलती है। यद्यपि जनता अपना मत किसे देती है वह 26 नवंबर को होने वाली मतगणना के दिन ही पता चल पाएगा।

बीएनएमवी कालेज में राष्ट्रीय सेमिनार आज से यह भी पढ़ें
17 पंचायतों होना है चुनाव
मुखिया : 17 सरपंच : 17 पंच : 222 वार्ड सदस्य : 222 पंसस : 21 जिला परिषद सदस्य :02

अन्य समाचार