उदाकिशुनगंज में आज शाम थम जाएगा प्रचार अभियान

संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा): उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र में 29 नवंबर को होने पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार की शाम को प्रचार अभियान थम जाएगा। प्रचार आज शाम पांच बजे तक चलेगा। उसके बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगेंगे। करीब एक माह तक गांव में भोंपू का शोर सुनाई देता रहा। अब जाकर लोग राहत की सांस लेंगे। इस दौरान लोक-लुभावन का काम जारी रहे। प्रत्याशी अपने-अपने तरीके से लोगों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे रहे। इस दौरान काफी वायदे किए जाते रहे। निवर्तमान जनप्रतिनिधि जहां पूर्व के काम के आधार पर वोट मांगते नजर आए। वहीं, नए प्रत्याशी निवर्तमान के काम को नाकाफी बताते रहे। पक्ष-विपक्ष के बीच एक-दूसरे को कम बताने का सिलसिला जारी रहा। हर कोई अपनी तरह से जीत की कोशिश में लगा रहा। यद्यपि मतदाता खुलकर किसी प्रत्याशी के सामने नहीं आया। मतदाता हर प्रत्याशी को मत देने का भरोसा देते रहे। मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों को परेशान कर रखा। प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न पदों के लिए 1663 प्रत्याशी भाग्य अजमा रहे हैं। प्रखंड क्षेत्र के 12 मुखिया पद के लिए 59 पुरुष और 43 महिला, 12 सरपंच पद 46 पुरुष और 47 महिला, 17 पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 58 पुरुष और 55 महिला, 164 वार्ड सदस्य पद के लिए 443 पुरुष और 490 महिला, 164 पंच सदस्य पद के लिए 116 पुरुष और 269 महिला और दो जिला परिषद पद के लिए 30 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बहरहाल चुनाव को लेकर चहल पहल जारी है। सबकी निगाह मतदान की तिथि पर टिकी हुई है। उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र में पहले 16 पंचायत हुआ करता था। इस बार चार पंचायत नगर परिषद में परिवर्तित हो गया है। इस वजह से 12 पंचायत में ही चुनाव होना है। चुनाव को लेकर प्रशासन ने भी मुक्कमल तैयारियां की हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी प्रभात केसरी ने बताया कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है।


अन्य समाचार