बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की पदयात्रा

जागरण संवाददाता, मधेपुरा: देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से पदयात्रा करते हुए बीपी मंडल चौक पहुंच केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीति के कारण देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। देश मंदी की दौर से गुजर रहा है। जरूरत के सामान की कीमतें आसमान छू रही है। रोजमर्रा की सामान की बढ़ती कीमत ने लोगों को जीना दूभर कर दिया है।

उन्होंने कहा कि देश की गिरती अर्थव्यवस्था के कारण लोगों की नौकरी छीनी जा रही है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमत के कारण अन्य सामानों की कीमत भी दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है। महंगाई पर रोक लगाने में केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। आमजन विरोधी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ को जबतक सरकार जीएसटी के दायरे में नही लाती तबतक पेट्रोल,डीजल और रसोई गैस की कीमत कम नही हो सकती। उन्होंने केंद्र सरकार को जन विरोधी सरकार बताया। मौके पर डा.अरुण कुमार, विष्णुदेव यादव बिक्रम, निशांत यादव, विष्णुदेव सिंह, शत्रुघ्न भगत, अमर झा, खोखा सिंह, धीरेंद्र साह, सूर्य नारायण राय, अनिल पोद्दार, बालेश्वर चौधरी, शशि भूषण मंडल, कामेश्वर सिंह, मु. अमरुद्दीन, मु.सलीम, रमन कुमार, रेखा देवी, सरिता देवी, डा. केशव कुमार मालाकार, गुड़िया कुमारी, सोनी कुमारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

अन्य समाचार