शादी विवाह में झूठी शान दिखाने में हो रही घटनाएं, लोग गंवा रहे जान

बक्सर। यह घटना कुछ दिन पहले की ही है। नावानगर थाना क्षेत्र के अमीरपुर गांव में एक बरात आई थी। लड़की वालों के घर पर बरात पहुंची थी। बैंड-बाजे की धुन पर बरातियों के पैर थिरक रहे थे। इस उत्सवी माहौल में कुछ लोग हथियारों से फायरिग कर जश्न मनाने लगे। तभी लड़की के चाचा के कट्टा से निकली गोली दूल्हे को लग गई। मौके पर ही दूल्हे की मौत हो गई। इस घटना के बाद मांगलिक माहौल मातम में बदल गया। दूल्हा-दुल्हन और दुल्हन के चाचा का परिवार तबाह हो गया। शादी विवाह के दौरान होने वाली हर्ष फायरिग की यह पहली घटना नहीं है। जिले में ऐसे कई उदाहरण हैं जब शादी विवाह जैसे उत्सवी माहौल में हथियारों का प्रदर्शन खतरनाक साबित हुआ है। शादी विवाह के दौरान झूठी शान दिखाने में घटनाएं हो रही है और लोग की जान जा रही है। हर्ष फायरिग के बढ़ते मामले के साथ घटनाओं की संख्या भी बढ़ी


शादियों में बरातियों का ढोल-नगाड़ों पर नाचना, नागिन डांस व पटाखे फोड़ने का रिवाज चला आ रहा है। पिछले कुछ साल से इस उत्सवी जश्न के साथ-साथ हथियारों के साथ शक्ति प्रदर्शन करने का चलन भी बढ़ने लगा है। बैंड बाजे की धुन पर थिरकते बरातियों में कुछ लोग लाइसेंसी हथियार के साथ ही अवैध हथियार लहराते हुए हर्ष फायरिग करने लगे हैं। शादी विवाह के मौके पर हर्ष फायरिग के बढ़ते मामले के साथ घटनाओं की संख्या भी बढ़ने लगी है। नावानगर थाना क्षेत्र के अमीरपुर गांव की घटना ही बताती है कि जश्न के माहौल में की जाने वाली हर्ष फायरिग में लोगों को बड़ी कीमत भी चुकानी पड़ रही है। आलम यह है कि जिन्हें समाज को रास्ता दिखने की जिम्मेदारी है, वह भी शादी विवाह के मौके पर हर्ष फायरिग करने की नादानी कर रहे हैं। हर्ष फायरिग में जनप्रतिनिधि भी रहते आगे
हर्ष फायरिग के दौरान हुई घटनाओं पर गौर करें तो शादी विवाह के मौके पर हथियारों को लहराते हुए फायरिग करने में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी पीछे नहीं हैं। अपनी पकड़ और ताकत दिखाने के लिए की जा रही हर्ष फायरिग को रोकने के प्रति भी जनप्रतिनिधि उदासीन हैं। क्या कहते हैं डीएसपी
उत्सवी माहौल हो या कोई कार्यक्रम, कहीं भी हथियारों का प्रदर्शन गैरकानूनी है। इसके लिए पूर्व से ही सभी थानाध्यक्षों को सतर्क किया गया है। कहीं भी हथियारों का प्रदर्शन होता है तो थानाध्यक्ष बेझिझक ऐसे लोगों पर कार्रवाई करें।
-श्रीराज, डीएसपी डुमरांव

अन्य समाचार