किसान मेले का उठाएं लाभ, बेहतर तरीके से करें खेती : प्रभारी डीएम

शिवहर। संयुक्त कृषि भवन में दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रभारी डीएम सह डहडहसी विनोद दुहन और जिला कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार राव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इसका उदघाटन किया। प्रदर्शनी में जिले के सभी प्रखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने अपने उत्पाद का प्रदर्शन किया। प्रभारी डीएम विनोद दुहन ने बारी-बारी से किसानों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वही किसानों से उनके उत्पाद की बाबत जानकारी ली। उन्होंने मिट्टी जांच प्रयोगशाला के स्टाल पर भ्ज्ञी जाकर जानकारी ली। साथ ही अधिक से अधिक किसानों से मिट्टी जांच कराने की अपील की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी डीएम ने कहा कि सूबे की सरकार किसानों की आय बढ़ाने के प्रति संकल्पित है। इसके लिए सरकार समय-समय पर विभिन्न योजनाएं चला रही है। मिट्टी की जांच कराकर खेती कर किसान अपनी उपज बढ़ा सकते है। शिवहर में उत्पादित फसल को प्रदेश स्तर पर बेच सकते है। सरकार द्वारा अनुदानित दर पर बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे है। उन्नत किस्म की बीज मुफ्त में दी जा रही है। प्रभारी डीएम ने किसानों से कृषि मेले का लाभ उठाने की अपील की। वहीं जिला क़षि पदाधिकारी अशोक कुमार राव ने कृषि मेले पर चर्चा की। साथ ही किसानों को वेज्ञानिक तरीके से खेती की अपील की। मौके पर आत्मा के परियोजना निदेशक रिशु कुमार, सहायक निदेशक रसायण श्वेता प्रिया, सहायक निदेशक उद्यान डॉ. सुजीत कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एसके राय, डॉ. एसके ठाकुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, ई. मनोज कुमार के अलावा सभी प्रखंडों के बीएओ, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड सहायक तकनीकी प्रबंधक व किसान मौजूद थे।

आईडीए कार्यक्रम के पहले दिन 38 हजार लोगों ने किया दवा का सेवन यह भी पढ़ें

अन्य समाचार